
जमशेदपुर: एमजीएम अस्पताल की छत हादसे के पीड़ित परिवारों को मुआवजा दिए जाने के दावे को लेकर अब सवाल खड़े होने लगे हैं। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के हालिया बयान के बाद जन विकास मंच के अध्यक्ष सौरभ विष्णु ने सरकार से मुआवजे के भुगतान का प्रमाण सार्वजनिक करने की मांग की है।
स्वास्थ्य मंत्री ने हाल में प्रकाशित रिपोर्टों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि सरकार की ओर से मुआवजे की राशि जारी कर दी गई है और सभी पीड़ितों को मुआवजा दिया जा चुका है। मंत्री ने यह भी कहा कि इस संबंध में गलत जानकारी प्रसारित की जा रही है।
RTI के जवाब से उठे सवाल
सौरभ विष्णु का दावा है कि मंत्री का यह बयान एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल के जन सूचना पदाधिकारी की ओर से दिए गए आधिकारिक RTI जवाब से मेल नहीं खाता। उनके अनुसार, 31 अगस्त 2026 को जारी RTI जवाब में बताया गया था कि मुआवजे की राशि भुगतान की प्रक्रिया में लंबित है।
RTI जवाब के मुताबिक राशि सिविल सर्जन से उपायुक्त कार्यालय और फिर सत्यापन एवं DBT की प्रक्रिया से गुजर रही है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि यदि मुआवजे का भुगतान पहले ही हो चुका है, तो अस्पताल के आधिकारिक जवाब में प्रक्रिया लंबित क्यों बताई गई?
पीड़ित परिवारों ने भी भुगतान नहीं मिलने की बात कही
जन विकास मंच के मुताबिक, हादसे से प्रभावित लुकास साइमन तिर्की की भतीजी विक्टोरिया तिर्की, डेविड जॉनसन की पत्नी एलिन जॉनसन और श्रीचंद तांती की बेटी प्रमिला कुमारी ने भी सार्वजनिक रूप से कहा है कि उन्हें अब तक मुआवजे की राशि नहीं मिली है।
‘भुगतान हुआ है तो बैंक ट्रांसफर का विवरण दें’
सौरभ विष्णु ने सरकार से स्पष्ट जवाब की मांग करते हुए कहा कि यदि वास्तव में पीड़ित परिवारों को मुआवजे का भुगतान कर दिया गया है, तो सरकार को बैंक ट्रांसफर की तारीख और भुगतान का विवरण सार्वजनिक करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मंत्री का बयान और उनके ही विभाग के अस्पताल का लिखित RTI जवाब आपस में विरोधाभासी हैं। ऐसे में सरकार को इस विसंगति को दूर करते हुए वास्तविक स्थिति जनता के सामने रखनी चाहिए।
जन विकास मंच ने मांग की है कि स्वास्थ्य विभाग तीनों पीड़ित परिवारों के खातों में मुआवजा राशि जमा होने की तारीख और भुगतान का प्रमाण सार्वजनिक करे। मंच का कहना है कि मामला किसी राजनीतिक गतिविधि से जुड़ा नहीं है, बल्कि पीड़ित परिवारों को उनके अधिकार और वास्तविक स्थिति की जानकारी दिलाने से संबंधित है।




