
रांची। झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार के निधन के बाद राज्य सरकार ने उनके सम्मान में दो दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की है। सरकार के आदेश के मुताबिक 6 और 7 सितंबर 2026 को पूरे राज्य में राजकीय शोक रहेगा।

राजकीय शोक के दौरान राज्य के उन सभी सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा, जहां नियमित रूप से तिरंगा फहराया जाता है। इस अवधि में किसी भी तरह के आधिकारिक राजकीय समारोह आयोजित नहीं किए जाएंगे।
7 सितंबर को सरकारी कामकाज रहेगा बंद
दिवंगत मंत्री को श्रद्धांजलि देने के लिए राज्य सरकार ने सोमवार, 7 सितंबर को सभी राज्य सरकारी कार्यालयों को बंद रखने का फैसला लिया है। सरकार के इस निर्णय के तहत उस दिन नियमित सरकारी कार्य नहीं होंगे।
राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई
सुदिव्य कुमार का निधन 6 सितंबर की सुबह गिरिडीह स्थित मर्सी अस्पताल में हुआ। उनके पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार रविवार को अपराह्न 3:30 बजे उसरी नदी-हरसिंहरायडीह श्मशान घाट पर राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
अंत्येष्टि कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। गिरिडीह के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को अंतिम संस्कार के दौरान आवश्यक प्रशासनिक और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
सुदिव्य कुमार के निधन की खबर से झारखंड के राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में शोक की लहर है। सरकार की ओर से राजकीय शोक की घोषणा के जरिए दिवंगत मंत्री के प्रति सम्मान और श्रद्धांजलि व्यक्त की गई है।




