
लातेहार। शहर में शनिवार की रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक होटल परिसर में महिला की मौत की सूचना पुलिस को मिली। घटना रात करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है। महिला की मौत की खबर सामने आते ही इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ संदीप कुमार, थाना प्रभारी अशोक कुमार पासवान, एसआई राहुल सिन्हा समेत पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां मौजूद लोगों से घटना से संबंधित जानकारी जुटाई।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
फिलहाल महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल में जुटी हुई है।






