
पलामू: शहर थाना क्षेत्र के रेड़मा चौक के पास एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। 28 वर्षीय वैष्णवी देवी का शव मंगलवार देर रात उसके घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उसे मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एमएमसीएच) लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान रेड़मा चौक निवासी वैष्णवी देवी के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब 10 महीने पहले सूरज गुप्ता से हुई थी। सूरज रेड़मा चौक पर फोटो कॉपी की दुकान चलाता है और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ उसी मकान में रहता है। घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है।
मृतका के मामा जितेंद्र कुमार के अनुसार, घटना से कुछ समय पहले रात करीब 10:30 बजे तक वैष्णवी की अपनी मां से फोन पर सामान्य बातचीत हुई थी। बातचीत के दौरान उसने किसी तरह की परेशानी या विवाद की बात नहीं बताई थी। इसके बाद अचानक उसकी मौत की सूचना मिलने से मायके वाले सकते में हैं।
परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वैष्णवी को कथित तौर पर कम दहेज लाने को लेकर प्रताड़ित किया जाता था। मायके वालों का आरोप है कि दहेज की मांग को लेकर उसकी हत्या की गई और बाद में मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया।
परिजनों के मुताबिक, वैष्णवी जन्माष्टमी से करीब दो दिन पहले ही अपने मायके से ससुराल लौटी थी। वह उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के औडिमोड थाना क्षेत्र की रहने वाली थी। मायके वालों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
अस्पताल पुलिस चौकी से मिली जानकारी के अनुसार, वैष्णवी को चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद उसके मायके वालों को सूचना दिए बिना शव ले जाने की कोशिश की गई। हालांकि, अस्पताल पुलिस चौकी के अधिकारियों ने मायके पक्ष को घटना की जानकारी दे दी, जिसके बाद वे अस्पताल पहुंचे।
घटना की सूचना शहर थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मौत के वास्तविक कारणों और मायके पक्ष के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।







