झारखंड वार्ता
पलामू। दीपावली के त्योहार को देखते हुए पलामू में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में गुरुवार को हुसैनाबाद और छतरपुर क्षेत्र में मिठाई दुकानों पर छापेमारी की गई। जांच के दौरान कई दुकानों में मिठाइयों पर चांदी के वर्क की जगह एल्युमिनियम फॉयल का इस्तेमाल किए जाने का मामला सामने आया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कुल 13 मिठाई दुकानों की जांच की और करीब एक क्विंटल मिठाई को नष्ट कराया।
जांच के दौरान मिठाइयों की गुणवत्ता और उन्हें तैयार करने में इस्तेमाल की जा रही सामग्री की पड़ताल की गई। टीम के अनुसार, मिठाइयों को आकर्षक बनाने के लिए चांदी के वर्क का इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन कुछ दुकानदार इसकी जगह एल्युमिनियम फॉयल का उपयोग कर रहे थे। खाद्य सुरक्षा विभाग ने इसे गंभीर मामला बताते हुए संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। सभी दुकानदारों पर जुर्माना भी लगाया गया है।
स्वास्थ्य के लिए नुकसानदेह हो सकता है एल्युमिनियम फॉयल
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल होने वाली सामग्री का सुरक्षित और निर्धारित मानकों के अनुरूप होना जरूरी है। मिठाइयों पर चांदी के वर्क के नाम पर एल्युमिनियम फॉयल का इस्तेमाल उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए नुकसानदेह हो सकता है। ऐसे में त्योहार के दौरान मिठाइयों की खरीदारी करते समय लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
बिहार सीमा से सटे इलाकों में हुई जांच
हुसैनाबाद और छतरपुर का इलाका बिहार की सीमा से सटा हुआ है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने इन क्षेत्रों में कई घंटे तक मिठाई दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानदारों से मिठाई बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और अन्य जरूरी जानकारियां भी मांगी गईं।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी लव कुमार गुप्ता ने बताया कि जांच के दौरान कई मिठाई दुकानों में चांदी के वर्क की जगह एल्युमिनियम फॉयल का इस्तेमाल पाया गया है। यह गंभीर मामला है। संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी के दौरान प्रशिक्षु खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी संजीव कुमार उपाध्याय और अभय शंकर भी मौजूद थे।




