{"remix_data":[],"remix_entry_point":"challenges","source_tags":["local"],"origin":"unknown","total_draw_time":0,"total_draw_actions":0,"layers_used":0,"brushes_used":0,"photos_added":0,"total_editor_actions":{},"tools_used":{"transform":1},"is_sticker":false,"edited_since_last_sticker_save":true,"containsFTESticker":false}
लोहरदगा: लोहरदगा शहर स्थित जामा मस्जिद और हजरत बाबा दुखन शाह के मजार शरीफ में कथित तौर पर तोड़फोड़ और धार्मिक ग्रंथ के अनादर का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी फैलते ही मुस्लिम समाज के लोग आक्रोशित हो गए, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। लोगों ने एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिरासत में लिए गए युवक की पहचान हजरत अंसारी के पुत्र नौशाद अंसारी (28) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह नेपाल के मधेश प्रदेश स्थित सप्तरी जिले के राजविराज क्षेत्र का रहने वाला है। आरोप है कि युवक जामा मस्जिद और मजार शरीफ परिसर में दाखिल हुआ और वहां तोड़फोड़ की। साथ ही, उस पर कुरान शरीफ को फाड़ने और जलाने का प्रयास करने का भी आरोप लगाया गया है।
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ और युवक के परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात सामने आई है।
बताया जा रहा है कि घटना मंगलवार देर रात की है। बुधवार सुबह मामले की जानकारी शहर में फैलने के बाद बड़ी संख्या में लोग जामा मस्जिद के पास जुटने लगे। करीब सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध जताया।
मुस्लिम समाज के लोगों ने युवक के व्यवहार, कथित कृत्य और उसके बयानों पर सवाल उठाते हुए मामले की गहराई से जांच की मांग की। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि घटना के पीछे किसी साजिश की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। लोगों ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर संभावित साजिश और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता होने पर उसे चिन्हित कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
मामले को लेकर अंजुमन इस्लामिया की ओर से सदर थाना पुलिस को लिखित आवेदन दिया गया है। आवेदन में घटना का विस्तृत उल्लेख करते हुए मामले की निष्पक्ष और गंभीरता से जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
पुलिस के अनुसार, युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उसकी मानसिक स्थिति से जुड़े पहलू की भी जांच की जा रही है। साथ ही पुलिस घटना के पीछे किसी अन्य कारण या व्यक्ति की भूमिका की संभावना को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि युवक का ननिहाल बिहार के अररिया जिले में है। उसके मौसा का नाम भी नौशाद अंसारी बताया जा रहा है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि वह लोहरदगा कैसे पहुंचा और मंगलवार देर रात मस्जिद परिसर में किस तरह प्रवेश किया।
घटना के बाद किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए इलाके में पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल प्रशासन और पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।







