
चटगांव: बांग्लादेश के चटगांव स्थित हथाजारी फील्ड फायरिंग रेंज में बुधवार को लाइव-फायरिंग अभ्यास के दौरान बड़ा हादसा हो गया। चीनी मूल के टैंक से फायरिंग के दौरान अचानक हुई दुर्घटना में बांग्लादेश सेना के दो सैनिकों की मौत हो गई, जबकि एक अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद घायल अधिकारी को बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर से ढाका स्थित कम्बाइंड मिलिट्री हॉस्पिटल (CMH) ले जाया गया।
बांग्लादेश के इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसा हथाजारी फील्ड फायरिंग रेंज में फील्ड फायरिंग एक्सरसाइज के दौरान हुआ। उस समय एक टैंक से गोलाबारी की जा रही थी। दुर्घटना में दो सैन्यकर्मियों की मौत हुई, जबकि एक अधिकारी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
सोशल मीडिया पर हादसे का भयावह वीडियो भी सामने आया है।
फायरिंग के दौरान टैंक में हुआ विस्फोट
घटना के बाद सामने आई तस्वीरों और वीडियो को लेकर विभिन्न रिपोर्टों में दावा किया गया कि हादसे में शामिल टैंक चीनी मूल का था। कुछ रिपोर्टों ने इसे Type-59 बताया है, जबकि कुछ में Type-69IIG टैंक होने का दावा किया गया है। हालांकि, बांग्लादेश सेना ने अभी तक आधिकारिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं किया है कि दुर्घटना में कौन-सा टैंक शामिल था।
हादसे की वजह अभी साफ नहीं
इस घटना को लेकर सोशल मीडिया और कुछ रिपोर्टों में टैंक के बैरल, गोला-बारूद या फायरिंग सिस्टम में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, बोर प्रीमैच्योर एक्सप्लोजन (Bore Premature Explosion) या किसी विशेष तकनीकी खराबी को हादसे का कारण बताने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। ISPR के मुताबिक, दुर्घटना की वजह का पता लगाने के लिए आवश्यक जांच की जा रही है।







