
रांची: झारखंड में मानसून की सक्रियता अभी भी बरकरार है और राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। बंगाल की खाड़ी में गहरा निम्न दबाव का क्षेत्र बनने से झारखंड में बारिश का दौर तेज होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची ने 10-11 सितंबर को कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 10 सितंबर को रांची समेत 11 जिलों में वज्रपात के साथ भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान राज्य के अन्य हिस्सों में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
10 सितंबर को इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने रांची, रामगढ़, खूंटी, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर और जामताड़ा में भारी बारिश के साथ वज्रपात की चेतावनी दी है। इन जिलों के अलावा झारखंड के अन्य हिस्सों में भी हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। इस दौरान कई स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
11 सितंबर को इन इलाकों में बढ़ेगा बारिश का असर
11 सितंबर को गढ़वा, पलामू, लातेहार और चतरा में वज्रपात के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, राज्य के बाकी जिलों में आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है।
वज्रपात को लेकर मौसम विभाग की चेतावनी
दोनों दिनों में भारी बारिश और वज्रपात की संभावना को देखते हुए संबंधित जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। खासकर वज्रपात के समय खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है।







