
चतरा: शहर के किशुनपुर मोहल्ले में गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि कार खड़े ट्रक में टकराने के बाद उसी में फंस गई और कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
मृतक की पहचान किशुनपुर निवासी बसंत राणा (28) के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में उपेन्द्र राणा, रामदेव राणा और गुड्डू राणा गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, बसंत राणा अपने साथियों के साथ बलेनो कार से बधार की ओर से लौट रहे थे। इसी दौरान किशुनपुर मोहल्ले के पास तेज रफ्तार के कारण कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बसंत राणा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने कार में फंसे घायलों को बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल तीनों लोगों के प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया गया है।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। कार ट्रक में बुरी तरह फंस गई थी, जिसे जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया।
पुलिस अब सड़क किनारे खड़े ट्रक की पहचान करने के साथ-साथ हादसे के वास्तविक कारणों की भी जांच कर रही है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। घटना के बाद किशुनपुर मोहल्ले में भी शोक का माहौल है।







