
चतरा। सदर थाना क्षेत्र के बरैनी पंचायत अंतर्गत घूरनाडीह गांव स्थित तड़गू नदी के चटनिया घाट पर शुक्रवार की सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। नदी में नहाने पहुंचे बच्चों में से दो की डूबने से मौत हो गयी। हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी है। वहीं, एक अन्य बच्चे के भी लापता होने की सूचना है, जिसके बाद उसकी तलाश तेज कर दी गयी है।
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह तीन बच्चे तड़गू नदी में नहाने के लिए पहुंचे थे। नहाने के दौरान बच्चे नदी के गहरे हिस्से की ओर चले गये। इसी बीच दो बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गये और डूबने लगे। देखते ही देखते दोनों पानी में समा गये।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गयी। स्थानीय लोगों ने तत्काल नदी में बच्चों की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद एक बच्चे का शव नदी के अंदर से बरामद किया गया, जबकि दूसरे बच्चे का शव नदी किनारे मिला।
हादसे की जानकारी मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर उनकी पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों मृत बच्चों की पहचान नहीं हो सकी है।
इधर, हादसे के बाद से तीसरे बच्चे का भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। आशंका जतायी जा रही है कि वह भी नदी के गहरे पानी में चला गया हो। स्थानीय लोगों की मदद से उसकी तलाश की जा रही है।
एक साथ दो बच्चों की मौत और तीसरे के लापता होने की खबर से घूरनाडीह और आसपास के इलाके में मातम का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है और बच्चों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस की जांच और लापता बच्चे की तलाश जारी है। मृत बच्चों की पहचान होने के बाद ही घटना से जुड़ी अन्य जानकारी सामने आ सकेगी।





