
जमशेदपुर। शहर में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं और कानून-व्यवस्था को लेकर अब सामाजिक संगठनों ने आंदोलन का रास्ता अपनाने की तैयारी शुरू कर दी है। झारखंड मानवाधिकार सम्मेलन (जेएचआरसी) समेत कई सामाजिक संस्थाओं के बैनर तले 12 सितंबर को साकची गोलचक्कर पर एकदिवसीय अनशन आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान आम लोगों को अपराध के खिलाफ लामबंद करने के लिए हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जाएगा।
जेएचआरसी ने शहरवासियों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने और इस अभियान को अपना समर्थन देने की अपील की है।
आपराधिक घटनाओं को लेकर सामाजिक संगठनों में नाराजगी
जेएचआरसी के केंद्रीय अध्यक्ष मनोज मिश्रा ने गुरुवार को भूईयाडीह में आयोजित संगठन की बैठक में आंदोलन की रूपरेखा की जानकारी दी। बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि जमशेदपुर की पहचान लंबे समय से शांतिप्रिय और अमन पसंद शहर के रूप में रही है, लेकिन हाल के दिनों में आपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी से लोगों के बीच चिंता और असुरक्षा का माहौल पैदा हुआ है।
उन्होंने कहा कि आम नागरिक अपने घर और आसपास की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। वहीं, अपराधियों के खिलाफ ऐसी प्रभावी पुलिसिंग की जरूरत है, जिससे कानून का डर कायम हो और अपराध की घटनाओं पर रोक लग सके।
छिनतई से लेकर हत्या तक की घटनाओं पर चिंता
मनोज मिश्रा ने शहर में चेन छिनतई, चोरी, लूट, मारपीट, छेड़खानी, दुष्कर्म, डकैती और हत्या जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि लगातार सामने आ रही ऐसी वारदातों से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई सामने आती है, लेकिन अपराध पर स्थायी अंकुश लगाने के लिए ऐसी पुलिसिंग जरूरी है, जिससे अपराधियों में कानून का भय पैदा हो। उनका आरोप है कि मौजूदा हालात में अपराधी पुलिस-प्रशासन के लिए चुनौती बनते नजर आ रहे हैं।
हस्ताक्षर अभियान से जुटाया जाएगा जनसमर्थन
जेएचआरसी अध्यक्ष के मुताबिक 12 सितंबर का अनशन केवल विरोध का कार्यक्रम नहीं होगा, बल्कि इसे आम नागरिकों की आवाज से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। अनशन स्थल पर हस्ताक्षर अभियान चलाकर शहरवासियों से अपराध के खिलाफ अपनी सहमति और समर्थन दर्ज कराने की अपील की जाएगी।
संगठन का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य जमशेदपुर को भयमुक्त और सुरक्षित शहर बनाने की मांग को मजबूती देना है।
शहरवासियों से आंदोलन में पहुंचने की अपील
मनोज मिश्रा ने लोगों से अपील की कि वे 12 सितंबर को साकची गोलचक्कर पहुंचकर अनशन और हस्ताक्षर अभियान में भाग लें। उन्होंने कहा कि शहर में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए आम नागरिकों की सहभागिता जरूरी है।
बैठक में सलावत महतो, किशोर वर्मा, रेणु सिंह, अभिजीत चंदा, एसके बसु, ऋषि गुप्ता, गुरुमुख सिंह, संतोष कुमार, शिशिर डे, डीएन शर्मा, निभा शुक्ला, अनीमा दास, देवाशीष दास, आरसी प्रधान, श्यामलाल और जगन्नाथ मोहंती समेत संगठन के कई सदस्य उपस्थित रहे।




