
वेल्लोर: तमिलनाडु के वेल्लोर जिले में गुरुवार को एक निर्माणाधीन चर्च की छत गिरने से तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब चर्च की छत पर कंक्रीट डालने यानी लेंटर ढलाई का काम चल रहा था। इसी दौरान सपोर्टिंग स्ट्रक्चर कमजोर पड़ गया और निर्माणाधीन छत का बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर नीचे आ गिरा।
छत के मलबे में कई मजदूर दब गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, अग्निशमन विभाग और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीमें मौके पर पहुंचीं और बड़े पैमाने पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद मलबे में फंसे मजदूरों को बाहर निकाला गया।
हादसे में तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, मलबे से सुरक्षित निकाले गए 11 घायलों को तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों को वेल्लोर सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज (CMC) अस्पताल और पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश के चित्तूर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वेल्लोर की जिलाधिकारी पी. एस. लीला एलेक्स ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ अस्पतालों का भी दौरा किया और घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि कम से कम आठ घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है। सभी घायलों को आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
लेंटर ढलाई के दौरान सपोर्टिंग स्ट्रक्चर के कमजोर पड़ने को हादसे की शुरुआती वजह माना जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां निर्माण स्थल की परिस्थितियों और सुरक्षा मानकों की भी जांच कर रही हैं।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। राहत एवं बचाव दल ने मलबे को हटाकर यह सुनिश्चित किया कि कोई अन्य मजदूर उसके नीचे फंसा न रह गया हो।





