
सेलम: तमिलनाडु के सेलम जिले से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक मंदिर परिसर स्थित दो घरों की पानी की टंकियों से महिला के क्षत-विक्षत शव के हिस्से बरामद होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि महिला की हत्या के बाद उसके शव को कई टुकड़ों में काटकर बोरियों में भरा गया और पानी की टंकियों में डाल दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और मृतका की पहचान के साथ-साथ हत्यारे की तलाश में जुटी है।
मामले का खुलासा सोमवार, 31 अगस्त को उस समय हुआ, जब मंदिर में रहने वाले पुजारी अपनी दो दिवसीय यात्रा से वापस लौटे। नल खोलते ही उन्हें तेज दुर्गंध महसूस हुई। इसके बाद जब उन्होंने छत पर जाकर पानी की टंकी की जांच की तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए।
जानकारी के मुताबिक, सेलम शहर के अरीसिपलायम इलाके में गुणापालन स्ट्रीट स्थित एक पुराने शिव मंदिर में रमेश पुजारी के तौर पर काम करते हैं। वह पिछले 15 वर्षों से अधिक समय से अपने परिवार के साथ मंदिर परिसर के एक हिस्से में रह रहे हैं। वह एक फैमिली फंक्शन में शामिल होने के लिए अपने परिवार के साथ तंजावुर गए थे। दो दिन बाद सोमवार सुबह जब वह वापस मंदिर पहुंचे तो उन्हें घर और आसपास से असामान्य दुर्गंध महसूस हुई। नहाने के लिए पानी का नल खोलने पर दुर्गंध और तेज हो गई। उन्हें पानी की टंकी में कुछ गड़बड़ी होने का शक हुआ। इसके बाद वह अपने बेटे के साथ मंदिर की छत पर पहुंचे और वहां रखी पानी की टंकियों को खोलकर देखा।
पुजारी ने जैसे ही टंकी खोली, उसके अंदर दो बोरियां दिखाई दीं। उन्होंने एक बोरी को बाहर निकाला और खोलकर देखा तो उसमें इंसानी हाथ और पैर थे। यह देखकर वह बुरी तरह घबरा गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पल्गापट्टी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पानी की टंकियों की तलाशी ली और वहां मौजूद बोरियों को बाहर निकाला। बोरियां खोलने पर उनके अंदर मानव शरीर के अलग-अलग हिस्से बरामद हुए। पुलिस की शुरुआती जांच में ये अंग एक महिला के होने की आशंका जताई जा रही है।
जांच के दौरान पुलिस को कुल तीन बोरियां मिलीं। एक बोरी पड़ोस वाले घर की पानी टंकी में मिला। इनमें महिला के शरीर के सात अलग-अलग हिस्से रखे गए थे। बताया जा रहा है कि एक बोरी में हाथ-पैर और कुछ अन्य हिस्से, दूसरी में सिर और तीसरी में शरीर के कूल्हे का हिस्सा बरामद हुआ।
प्रारंभिक जांच के आधार पर आशंका है कि महिला की हत्या कहीं और करने के बाद शव को टुकड़ों में काटा गया। इसके बाद शरीर के हिस्सों को अलग-अलग बोरियों में भरकर पानी की टंकियों में छिपा दिया गया। घटना जिस स्थान पर हुई, वह घनी आबादी वाला रिहायशी इलाका है। मंदिर परिसर से शव के हिस्से मिलने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों में भी दहशत फैल गई।
जांच में पुलिस को एक अहम सुराग भी मिला है। सूत्रों के मुताबिक, बरामद मानव अंगों में से एक हाथ पर ‘Ganapathy’ नाम का टैटू बना हुआ पाया गया है। पुलिस इस टैटू को मृतका की पहचान तक पहुंचने के लिए महत्वपूर्ण सुराग मान रही है। हालांकि, अभी तक महिला की आधिकारिक पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि शव के टुकड़ों से भरी ये बोरियां पानी की टंकियों तक कैसे पहुंचीं। चूंकि पुजारी दो दिनों के लिए मंदिर से बाहर थे, इसलिए पुलिस इस दौरान मंदिर और उसके आसपास की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है।
बरामद शव के हिस्सों को पुलिस ने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी और मेडिकल प्रक्रिया के लिए भेज दिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस मृतका की पहचान तथा हत्या की पूरी गुत्थी सुलझाने में जुटी हुई है।




