
कोडरमा: सीजीएल से जुड़े मामले की जांच के सिलसिले में सीआईडी की टीम ने गुरुवार देर रात कोडरमा जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई डोमचांच थाना क्षेत्र के गोलवाढाब और कोडरमा थाना क्षेत्र के बरसोतियाबर में की गई। कार्रवाई के दौरान सीआईडी की टीम दो लोगों को अपने साथ ले गई।
जानकारी के अनुसार, सीआईडी की टीम सबसे पहले डोमचांच थाना क्षेत्र के गोलवाढाब पहुंची। यहां टीम ने राजेश यादव के ठिकाने पर कार्रवाई की। स्थानीय स्तर पर राजेश यादव को कथित पत्रकार बताया जा रहा है। पूछताछ के लिए सीआईडी की टीम उन्हें अपने साथ ले गई है।
इसके अलावा कोडरमा थाना क्षेत्र के बरसोतियाबर में भी सीआईडी की टीम ने छापेमारी की। यहां से भी एक व्यक्ति को टीम द्वारा अपने साथ ले जाने की बात सामने आ रही है। हालांकि, दूसरे व्यक्ति की पहचान और उसके संबंध में विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
बताया जा रहा है कि दोनों स्थानों पर हुई कार्रवाई सीजीएल परीक्षा धांधली से जुड़े मामले की जांच का हिस्सा है। हालांकि, छापेमारी के दौरान सीआईडी की टीम को क्या-क्या मिला, कोई दस्तावेज या अन्य सामग्री बरामद हुई या नहीं और दोनों लोगों से किन बिंदुओं पर पूछताछ की जा रही है, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
देर रात हुई इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय स्तर पर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि, जांच एजेंसी की ओर से विस्तृत जानकारी सामने आने के बाद ही कार्रवाई की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।






