
रामगढ़: जिले के उरीमारी ओपी क्षेत्र में 13 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना 8 सितंबर की शाम उरीमारी रेलवे साइडिंग के समीप की बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
आरोपियों की पहचान उरीमारी क्षेत्र के डेडका टोला निवासी शाहरुख सोरेन (30), जोजो टोला निवासी सिकंदर टुड्डू (22) और तिवारी सोरेन (26), गैरवा टोला निवासी विनोद मांझी (23) तथा उरीमारी बस्ती निवासी महेश पावरिया (28) के रूप में हुई है।
सहेली के घर गई थी छात्रा, लौटने के दौरान हुई घटना
पुलिस के अनुसार, नाबालिग छात्रा 8 सितंबर को स्कूल से लौटने के बाद जरजरा जुबला स्थित अपनी सहेली के घर चली गई थी। शाम अधिक होने पर सहेली ने अपने नाबालिग भाई से छात्रा को उसके घर पहुंचाने के लिए कहा।
इसके बाद सहेली का भाई तीन अन्य नाबालिग बच्चों के साथ छात्रा को घर छोड़ने के लिए निकला। बताया गया कि सभी लोग शॉर्टकट रास्ते से रेलवे ट्रैक होते हुए छात्रा के घर जा रहे थे। इसी दौरान रेलवे साइडिंग के समीप पांच युवकों की नजर उन पर पड़ी।
आरोप है कि युवकों ने छात्रा के साथ मौजूद सहेली के भाई और अन्य बच्चों को वहां से भगा दिया। इसके बाद नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया।
सहेली के भाई ने परिजनों को दी जानकारी
घटना के बाद सहेली के भाई ने छात्रा के परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद पीड़िता और उसके परिजनों ने 9 सितंबर को उरीमारी ओपी में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और संदिग्ध पांच आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के बाद घटना से जुड़े तथ्यों का खुलासा हुआ और सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने पीड़ित छात्रा का मेडिकल परीक्षण कराया है। मामले में पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़िता का मजिस्ट्रेट के समक्ष दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 164 के तहत बयान भी दर्ज कराया गया।







