
झारखंड वार्ता संवाददाता
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। ऐतिहासिक श्री राधा कृष्ण बंशीधर मंदिर परिसर में गुरुवार को विश्व हिंदू परिषद का 62वां स्थापना दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में हिंदू समाज की संगठनात्मक एकता, समरसता, सेवा और संस्कारों को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता विश्व हिंदू परिषद के प्रदेश संगठन मंत्री रविंद्र प्रसाद यादव एवं राम प्रताप कुमार ने हिंदू समाज में संगठन और एकता की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज के सबसे बड़ी शक्ति उसकी एकता और संगठन होता है। समाज के लोगों को आपसी भेदभाव से ऊपर उठकर एक दूसरे के सहयोग और सेवा के लिए आगे आना चाहिए।
वक्ताओं ने उपस्थित कार्यकर्ताओं और सदस्यों से समाज के हर वर्ग तक पहुंचकर सेवा कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की शक्ति समाज को एकजुट करने और सकारात्मक कार्यों के माध्यम से लोगों तक पहुंचने में निहित है। समाज में आपसी भाईचारा, सहयोग और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
जिलाध्यक्ष राजेश प्रताप देव ने कहा कि सेवा और संस्कार समाज को जोड़ने का सबसे मजबूत माध्यम में समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों तक पहुंचकर उनकी सहायता करना सभी की जिम्मेदारी है जब समाज के लोग एकजुट होकर सेवा और सहयोग के कार्यों में आगे आते है, तो सामाजिक एकता और मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता, आपसी सहयोग और संगठनात्मक मजबूती से ही समाज को सशक्त बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान विहिप के जिलाध्यक्ष राजेश प्रताप देव ने बजरंग दल के सदस्यों को भगवा गमछा ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक मजबूत करने तथा सामाजिक सेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में उत्कर्ष जायसवाल, आकाश कुमार, निखिल कुमार, अमन कुमार,रौनक कुमार,आदित्य कमलापुरी सहित अन्य कार्यकर्ता एवं सदस्य उपस्थित थे।







