
SSC CPO Recruitment 2026: कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPFs) में सब-इंस्पेक्टर (SI) तथा CISF में सब-इंस्पेक्टर (फायर) के पदों पर भर्ती के लिए CPO परीक्षा 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 1,871 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और योग्य उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट ssc.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
SSC CPO 2026 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 रात 11 बजे निर्धारित की गई है। वहीं ऑनलाइन शुल्क जमा करने की अंतिम समय सीमा 1 अक्टूबर 2026 रात 11 बजे तक है। आवेदन में किसी तरह की गलती होने पर उम्मीदवार 8 अक्टूबर से 10 अक्टूबर 2026 रात 11 बजे तक करेक्शन कर सकेंगे। आवेदन में पहली बार सुधार करने पर 200 रुपये, जबकि दूसरी बार करेक्शन के लिए 500 रुपये शुल्क देना होगा।
किन पदों पर कितनी वैकेंसी?
SSC CPO 2026 भर्ती के तहत अलग-अलग पदों के लिए रिक्तियों का विवरण इस प्रकार है
• दिल्ली पुलिस SI (एग्जीक्यूटिव)- पुरुष: 205 पद
• दिल्ली पुलिस SI (एग्जीक्यूटिव)- महिला: 112 पद
• CAPFs में SI (GD): 1,320 पद
• CISF में SI (फायर): 234 पद
इस तरह कुल 1,871 रिक्त पदों पर उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।
कौन कर सकता है आवेदन?
दिल्ली पुलिस और CAPFs में SI
दिल्ली पुलिस में SI और CAPFs में SI (GD) पदों के लिए उम्मीदवार का ग्रेजुएट होना जरूरी है। ग्रेजुएशन के अंतिम वर्ष में पढ़ रहे उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं, लेकिन निर्धारित कटऑफ तारीख तक उन्हें शैक्षणिक योग्यता पूरी करनी होगी।
CISF SI (फायर)
CISF में SI (फायर) पद के लिए उम्मीदवार के पास फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथमेटिक्स विषयों के साथ साइंस में बैचलर डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा इंजीनियरिंग विषय में तीन वर्षीय डिप्लोमा रखने वाले उम्मीदवार भी निर्धारित पात्रता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।
उम्र सीमा
CISF में SI (फायर) पद के लिए उम्मीदवारों की उम्र 18 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए। वहीं दिल्ली पुलिस और CAPFs में SI के अन्य पदों के लिए आयु सीमा 20 से 25 वर्ष निर्धारित है।
आयु की गणना 1 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी। SC/ST उम्मीदवारों को 5 वर्ष और OBC उम्मीदवारों को 3 वर्ष की छूट दी जाएगी। पूर्व-सैनिकों को भी निर्धारित सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट का लाभ मिलेगा।
दिल्ली पुलिस SI पुरुष के लिए ड्राइविंग लाइसेंस जरूरी
दिल्ली पुलिस में SI (एग्जीक्यूटिव)-पुरुष पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास LMV (मोटरसाइकिल और कार) का वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना जरूरी है। यह लाइसेंस फिजिकल एंड्योरेंस एंड मेजरमेंट टेस्ट (PE&MT) की तारीख तक होना चाहिए।
कितना है आवेदन शुल्क?
SSC CPO 2026 के लिए सामान्य उम्मीदवारों को 100 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। हालांकि महिला उम्मीदवारों तथा SC, ST और पात्र पूर्व-सैनिक उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है। शुल्क का भुगतान केवल निर्धारित ऑनलाइन माध्यमों से किया जा सकता है।
परीक्षा पैटर्न में बड़ा बदलाव
इस बार SSC ने CPO परीक्षा के पैटर्न में महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। पेपर-I में अब कुल 100 प्रश्न होंगे और परीक्षा 100 अंकों की होगी। परीक्षा के लिए उम्मीदवारों को कुल एक घंटे का समय मिलेगा। खास बात यह है कि प्रत्येक सेक्शन के लिए 15 मिनट का सेक्शनल टाइमर निर्धारित किया गया है।
पेपर-II के पैटर्न में भी बदलाव किया गया है। इसमें चार सेक्शन होंगे
1. सामान्य बुद्धिमत्ता और तर्कशक्ति (Reasoning)
2. सामान्य ज्ञान और सामान्य जागरूकता (General Knowledge)
3. संख्यात्मक अभियोग्यता (Maths)
4. अंग्रेजी (English)
पेपर-II में कुल 160 प्रश्न होंगे और यह 320 अंकों का होगा। परीक्षा की कुल अवधि एक घंटे होगी। प्रत्येक सेक्शन के लिए 20 मिनट का सेक्शनल टाइम निर्धारित किया गया है।
चयन प्रक्रिया
SSC CPO भर्ती में केवल लिखित परीक्षा पास करना पर्याप्त नहीं होगा। चयन प्रक्रिया कई चरणों में पूरी की जाएगी। सबसे पहले उम्मीदवार पेपर-I में शामिल होंगे। इसमें सफल अभ्यर्थियों को फिजिकल स्टैंडर्ड टेस्ट (PST) और फिजिकल एंड्योरेंस टेस्ट (PET) के लिए बुलाया जाएगा।
इसके बाद निर्धारित मानकों को पूरा करने वाले उम्मीदवार पेपर-II में शामिल होंगे। आगे चयन प्रक्रिया के तहत विस्तृत चिकित्सीय जांच (Detailed Medical Examination) समेत आयोग द्वारा निर्धारित अन्य चरण पूरे किए जाएंगे।






