
साहिबगंज: झारखंड के साहिबगंज जिले से घरेलू हिंसा की एक बेहद गंभीर घटना सामने आई है। रांगा थाना क्षेत्र के विशनपुर गांगु टोला में एक महिला की कथित तौर पर उसके पति ने बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पति पत्नी का शव उसके मायके में छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, 8 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे धोना किस्कू अपनी पत्नी दुल्हन हेम्ब्रम की घर के आंगन में कथित तौर पर पिटाई कर रहा था। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई। मारपीट में दुल्हन बेहोश हो गई थी।
ग्रामीणों ने मामले को लेकर पंचायत भी की थी। पंचायत में आरोपी पति को पत्नी का इलाज कराने और भविष्य में उसके साथ दोबारा मारपीट नहीं करने की हिदायत दी गई थी। हालांकि, आरोप है कि अगले ही दिन पति ने फिर से पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी।
बताया गया कि 9 सितंबर की शाम करीब 4 बजे धोना किस्कू ने दुल्हन हेम्ब्रम की दोबारा पिटाई शुरू कर दी। ग्राम प्रधान ने हस्तक्षेप कर उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि पति अपनी पत्नी को घसीटते हुए घर के अंदर ले गया और दरवाजा बंद कर दिया।
ग्रामीणों के मुताबिक, देर रात तक घर के अंदर से मारपीट और महिला के चीखने की आवाजें आती रहीं। ग्रामीणों ने आरोपी से दरवाजा खोलने को कहा, लेकिन उसने दरवाजा नहीं खोला। कुछ देर बाद घर के अंदर से किसी तरह की आवाज आनी बंद हो गई।
अगली सुबह दुल्हन हेम्ब्रम का शव उसके मायके के आंगन में पड़ा मिला। महिला की मौत की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतका के दो बच्चे होने की जानकारी सामने आई है।
मृतका के चाचा और ग्राम प्रधान ढेपांग हेम्ब्रम ने रांगा थाने में आवेदन देकर आरोपी पति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
रांगा थाना प्रभारी अखिलेश यादव ने बताया कि मामले में आरोपी पति धोना किस्कू को गिरफ्तार कर लिया गया है। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।




