
रांची: झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहने वाला है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश और मेघ गर्जन की संभावना है। मौसम विभाग ने 12 सितंबर को कई स्थानों पर गरज और वज्रपात के साथ तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 12 सितंबर को राज्य में सामान्य तौर पर बादल छाए रहेंगे। इस दौरान लगभग सभी जिलों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
मौसम में बदलाव का सिलसिला अगले कुछ दिनों तक जारी रहने की संभावना है। 13 और 14 सितंबर को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। इस दौरान कई स्थानों पर बादल छाए रहने और गरज के साथ बारिश होने की संभावना बनी रहेगी।
मौसम विभाग के अनुसार, 15 सितंबर को राज्य के कुछ स्थानों पर बारिश या मेघ गर्जन हो सकता है। वहीं, 16 और 17 सितंबर को भी मौसम पूरी तरह साफ होने के आसार नहीं हैं। इन दोनों दिनों में आसमान में बादल छाए रहने के साथ राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने का पूर्वानुमान है।
लगातार बारिश और वज्रपात की संभावना को देखते हुए लोगों को मौसम खराब होने के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। तेज हवा और बिजली चमकने के दौरान पेड़, बिजली के खंभे और खुले मैदान से दूरी बनाए रखना बेहतर रहेगा।




