
देवघर: दिल्ली में आयोजित BRICS सम्मेलन और गुजरात सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। मामले की जांच झारखंड के देवघर तक पहुंच गई है। मामले की पड़ताल के लिए गुजरात पुलिस की एक टीम देवघर पहुंची है। टीम ने नगर थाना क्षेत्र से एक युवक को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
मामला बेहद संवेदनशील होने के कारण गुजरात पुलिस और देवघर पुलिस के अधिकारी जांच से जुड़ी विस्तृत जानकारी फिलहाल साझा करने से बच रहे हैं। पुलिस की कार्रवाई को पूरी तरह गोपनीय रखा जा रहा है।
धमकी भरे ई-मेल के बाद दर्ज हुई थी FIR
सूत्रों के मुताबिक, BRICS सम्मेलन और गुजरात सचिवालय को निशाना बनाने की धमकी ई-मेल के जरिए दी गई थी। मामले में गुजरात के गांधीनगर थाने में 10 सितंबर को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद गुजरात पुलिस ने जांच शुरू करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान मिले सुरागों और तकनीकी जानकारी के आधार पर जांच की कड़ी देवघर से जुड़ी। इसके बाद गुजरात पुलिस की टीम स्थानीय पुलिस के सहयोग से देवघर पहुंची और नगर थाना क्षेत्र से एक युवक को हिरासत में लिया।
तकनीकी सुरागों की भी जांच
हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ के साथ-साथ पुलिस धमकी से जुड़े तकनीकी और अन्य सुरागों को खंगाल रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि धमकी भरा ई-मेल किस मकसद से भेजा गया, इसके पीछे कौन लोग हैं और हिरासत में लिए गए युवक की इसमें क्या भूमिका है।
फिलहाल पुलिस यह स्पष्ट नहीं कर रही है कि हिरासत में लिया गया युवक सीधे तौर पर धमकी भेजने की घटना में शामिल है या उसका किसी अन्य माध्यम से इस मामले से संबंध सामने आया है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।






