
देवघर: झारखंड के देवघर जिले में पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक अपराधी को कार्बाइन मशीन गन के साथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई कुंडा थाना क्षेत्र के कोरियासा मैदान के आसपास शुक्रवार को की गई। गिरफ्तार आरोपी के पास से एक कार्बाइन मशीन गन, दो मैगजीन और एक कीपैड मोबाइल बरामद किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जसीडीह थाना क्षेत्र के रोहिणी परमेश्वर चौक निवासी सूरज कुमार सिंह (28), पिता भरत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सूरज का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है और वह लूट समेत अन्य मामलों में जेल जा चुका है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
देवघर एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुंडा थाना क्षेत्र के कोरियासा मैदान के आसपास कुछ अपराधी अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री के इरादे से जुटे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद विशेष टीम गठित कर मौके पर छापेमारी की गई।
पुलिस टीम को देखते ही एक संदिग्ध भागने लगा। जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास एक थैला मिला। थैले की जांच करने पर उसमें काले रंग की कार्बाइन मशीन गन, दो मैगजीन और एक कीपैड मोबाइल बरामद हुआ।
इसके बाद पुलिस ने सूरज कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया और उससे पूछताछ शुरू की।
पूछताछ में बालू कारोबारी का नाम सामने आया
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान सूरज ने बताया कि उसने कुछ वर्ष पहले बालू कारोबारी दीपक झा के लिए बिहार के मुंगेर से कार्बाइन खरीदकर लाई थी। इस जानकारी के बाद पुलिस ने दीपक झा को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, दीपक झा ने करीब दो वर्ष पहले जसीडीह थाना क्षेत्र के बसंतपुर में बालू घाट का टेंडर लिया था। इसी दौरान कथित तौर पर बाबा गिरोह के सदस्यों द्वारा रंगदारी के लिए परेशान किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि इसी वजह से दीपक ने सूरज के जरिए कार्बाइन समेत अन्य हथियार खरीदकर मंगवाए थे।
अन्य हथियारों की तलाश में छापेमारी
पुलिस के अनुसार, फिलहाल कार्बाइन की आवश्यकता नहीं होने के बाद दीपक ने सूरज को उसे बेचने के लिए कहा था। इसी सिलसिले में सूरज हथियार लेकर कोरियासा मैदान के आसपास पहुंचा था, जहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
दीपक झा से मिली जानकारी और उसकी निशानदेही के आधार पर पुलिस अब अन्य हथियारों की बरामदगी के लिए अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस पूरे हथियार नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पहले भी जेल जा चुका है आरोपी
पुलिस के अनुसार, सूरज कुमार सिंह का आपराधिक इतिहास रहा है। वह देवीपुर थाना कांड संख्या 137/19 में धारा 392 भादवि के तहत दर्ज लूट के मामले में पहले जेल जा चुका है। इसके अलावा बिहार के बांका थाना क्षेत्र में शराब के अवैध परिवहन से जुड़े मामले में भी उसके जेल जाने की जानकारी पुलिस को मिली है।







