
जमशेदपुर। 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के बुजुर्गों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज मदर टेरेसा एडवांस हेल्थ क्लीनिक, धातकीडीह में आयुष्मान वय वंदना कार्ड बनाने हेतु विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन सिविल सर्जन, पूर्वी सिंहभूम डॉ० साहिर पॉल के द्वारा किया गया।
शिविर का आयोजन सिविल सर्जन डॉ० साहिर पॉल के निर्देशानुसार किया गया, जिसमें क्षेत्र के बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर के दौरान कुल 70 बुजुर्गों का आयुष्मान वय वंदना कार्ड बनाया गया।

इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ० साहिर पॉल ने बुजुर्गों को आयुष्मान वय वंदना कार्ड के महत्व एवं इसके माध्यम से मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में यह योजना महत्वपूर्ण पहल है। पात्र बुजुर्गों को इसका लाभ लेने के लिए अपना आयुष्मान वय वंदना कार्ड अवश्य बनवाना चाहिए।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा लाभार्थियों को आयुष्मान वय वंदना कार्ड के लिए आवश्यक पात्रता, जरूरी दस्तावेज, कार्ड बनवाने की प्रक्रिया तथा योजना के अंतर्गत उपलब्ध उपचार एवं स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। बुजुर्गों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्ड निर्माण की प्रक्रिया मौके पर ही पूरी की गई।
कार्यक्रम में समाजसेवी सरफराज़ हुसैन एवं शहरी स्वास्थ्य प्रबंधक सुमन कुमार मंडल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। उपस्थित अतिथियों ने भी बुजुर्गों को योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से बताया गया कि पात्र वरिष्ठ नागरिकों को आयुष्मान वय वंदना योजना से जोड़ने के लिए इस प्रकार के विशेष शिविरों का आयोजन आगे भी किया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र बुजुर्ग स्वास्थ्य सुरक्षा के इस महत्वपूर्ण लाभ से वंचित न रहे।
जारी कर्ता…
शहरी स्वास्थ्य प्रबंधक जमशेदपुर
सुमन कुमार मंडल






