
लातेहार: बालूमाथ थाना क्षेत्र के मासियातू गांव में शनिवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से दो मासूम बच्चियों की मौत हो गई। मृत बच्चियों की पहचान मासियातू निवासी साक्षी कुमारी (7) और रितिका कुमारी (8) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को स्कूल की छुट्टी के बाद दोनों बच्चियां घर लौटी थीं। शाम के समय वे गांव के समीप स्थित एक पुलिया के पास नहाने के लिए गई थीं। उस दौरान आसपास के कुछ अन्य बच्चे भी वहां नहा रहे थे। नहाने के दौरान दोनों बच्चियां गहरे पानी की चपेट में आ गईं और देखते ही देखते डूब गईं।
बताया गया कि दोनों बच्चियों को डूबता देखकर वहां मौजूद अन्य बच्चे घबरा गए और इसकी सूचना गांव में जाकर ग्रामीणों को दी। जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। दोनों बच्चियों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी।
दो मासूम बच्चियों की एक साथ मौत की खबर से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीण इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं।
इधर, घटना की सूचना ग्रामीणों और परिजनों की ओर से तत्काल बालूमाथ पुलिस को नहीं दी गई थी। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
बालूमाथ थाना प्रभारी अनुभव सिन्हा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम को गांव भेजा गया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच के बाद ही घटना को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।







