
फतेहपुर: दिल्ली से बिहार जा रही सीमांचल एक्सप्रेस में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। ट्रेन के S-1 कोच में अपनी मां के साथ सो रहा महज 9 महीने का मासूम अचानक लापता हो गया। काफी तलाश के बाद शनिवार दोपहर मासूम का शव फतेहपुर के फैजुल्लापुर रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक किनारे बरामद किया गया। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के मुताबिक, बिहार के बेगूसराय जिले के सलोनी गांव निवासी मोहन अपनी पत्नी काजल और 9 महीने के बेटे कनिष्क के साथ शुक्रवार को सीमांचल एक्सप्रेस से दिल्ली से बिहार लौट रहे थे। परिवार ट्रेन के S-1 कोच में सीट संख्या 61 और 64 पर सफर कर रहा था।
बताया जा रहा है कि कानपुर सेंट्रल से ट्रेन के रवाना होने के बाद रात करीब 3 बजे काजल ने अपनी सास से फोन पर बातचीत की। इसके बाद वह मासूम कनिष्क को अपने साथ लेकर मिडिल बर्थ पर सो गईं। इसी दौरान मोहन कुछ देर के लिए ट्रेन के गेट की तरफ चले गए।
करीब एक घंटे बाद, तड़के करीब 4 बजे मोहन जब वापस अपनी सीट पर पहुंचे तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने देखा कि काजल सीट पर अकेली सो रही थीं और कनिष्क वहां मौजूद नहीं था। पत्नी को जगाकर पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि बच्चा उनके पास ही सोया हुआ था।
इसके बाद जब आसपास देखा गया तो सीट के ठीक सामने लगी इमरजेंसी खिड़की खुली मिली। परिजनों को आशंका हुई कि नींद के दौरान बच्चा खिसककर खुली इमरजेंसी खिड़की तक पहुंच गया और चलती ट्रेन से नीचे गिर गया।
बच्चे के गायब होने की सूचना मिलते ही परिजनों ने प्रयागराज जीआरपी को मामले की जानकारी दी और प्रयागराज स्टेशन पर उतर गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमों ने कानपुर से प्रयागराज के बीच रेलवे ट्रैक के आसपास बड़े स्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया।
शनिवार दोपहर तलाशी के दौरान फतेहपुर के फैजुल्लापुर रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक किनारे मासूम कनिष्क का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। महज 9 महीने के बच्चे की इस दर्दनाक मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।







