
चतरा: जमीन के म्यूटेशन के एवज में रिश्वत मांगना एक राजस्व कर्मचारी को भारी पड़ गया। भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) हजारीबाग की टीम ने मंगलवार को चतरा सदर अंचल में छापेमारी कर राजस्व कर्मचारी सतीश कुमार उर्फ सतीश प्रसाद को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई करीब दोपहर 1 बजे सदर अंचल स्थित कर्मचारी भवन में हुई।
बताया जा रहा है कि लेम पंचायत, हल्का नंबर सात में पदस्थापित राजस्व कर्मचारी सतीश प्रसाद पर जमीन के म्यूटेशन से जुड़े काम को आगे बढ़ाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप था। इस संबंध में एक व्यक्ति ने एसीबी हजारीबाग से शिकायत की थी।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले की प्रारंभिक जांच और शिकायत का सत्यापन कराया। सत्यापन में रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने के बाद टीम ने राजस्व कर्मचारी को पकड़ने के लिए कार्रवाई की रणनीति तैयार की।
मंगलवार को एसीबी की योजना के मुताबिक शिकायतकर्ता 10 हजार रुपये लेकर राजस्व कर्मचारी के पास पहुंचा। जैसे ही सतीश प्रसाद ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम ली, आसपास पहले से तैनात एसीबी की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया।
टीम ने राजस्व कर्मचारी के कब्जे से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली। अचानक हुई इस कार्रवाई के बाद सदर अंचल के कर्मचारी भवन में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम राजस्व कर्मचारी को अपने साथ हजारीबाग ले गई। वहां उससे पूछताछ के साथ मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।







