
गढ़वा: श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के नरखोरिया गांव में दहेज हत्या का मामला सामने आया है। मृतका (नेहांती) की मां फूल कुमारी देवी ने ससुराल वालों पर बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित करने और मारपीट के बाद फंदे से लटकाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मृतका के पति रवि प्रसाद को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। मंगलवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मां के मुताबिक, गत अप्रैल महीने में गांव का ही रवि प्रसाद, 18 वर्षीय पुत्री नेहांती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। बाद में दोनों ने शादी कर ली। आरोप है कि शादी के बाद से ही नेहांती पर मायके से दहेज लाने का दबाव बनाया जाने लगा।
फूल कुमारी देवी ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष ने नेहांती के मायके से पांच लाख रुपये नकद, एक बाइक, सोने की चेन और अंगूठी की मांग की थी। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह मांग पूरी नहीं कर सकीं।
आरोप है कि दहेज नहीं मिलने पर नेहांती को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। मां का दावा है कि सोमवार शाम उसकी बेरहमी से पिटाई की गई और इसके बाद उसे फंदे से लटका दिया गया।
मृतका की मां ने पति रवि प्रसाद के साथ ससुर रामदेव प्रसाद, सास सरोज देवी, भैंसूर सत्येंद्र प्रसाद, देवर मनीष कुमार और गोतनी नीतू देवी को भी नामजद किया है। सभी पर दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करने और उसकी हत्या में संलिप्त होने का आरोप लगाया गया है।
श्री बंशीधर नगर थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने बताया कि फूल कुमारी देवी के आवेदन पर दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया है। मृतका के पति रवि प्रसाद को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है। अन्य नामजद आरोपितों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी की जाएगी।





