
Brendan Taylor World Record: जिम्बाब्वे और ऑस्ट्रेलिया के बीच मंगलवार (15 सितंबर) को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में पहला वनडे मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में मैदान पर उतरते ही जिम्बाब्वे के अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज ब्रेंडन टेलर ने क्रिकेट इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया। 40 वर्षीय टेलर ने महान भारतीय बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का वनडे क्रिकेट में सबसे लंबे करियर का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ प्लेइंग-11 का हिस्सा बनते ही टेलर के वनडे करियर की अवधि 22 साल 146 दिन हो गई। इससे पहले यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था, जिन्होंने वनडे क्रिकेट में 22 साल 91 दिन बिताए थे। टेलर ने इस उपलब्धि के साथ तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया।
ब्रेंडन टेलर ने 2004 में वनडे क्रिकेट में डेब्यू किया था। करीब 22 साल से ज्यादा लंबे करियर में उन्होंने जिम्बाब्वे के लिए बतौर विकेटकीपर और बल्लेबाज महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वह देश के सबसे सफल बल्लेबाजों में गिने जाते हैं और वनडे क्रिकेट में जिम्बाब्वे की ओर से सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज भी हैं।ज्ञटेलर ने जिम्बाब्वे की कप्तानी भी की है और टीम के लिए कई अहम मुकाबलों में मैच जिताऊ पारियां खेली हैं।
ब्रेंडन टेलर का करियर सिर्फ उपलब्धियों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसमें कई उतार-चढ़ाव भी आए। उन्होंने 2021 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। हालांकि, इसके बाद 2022 में ICC के नियमों के उल्लंघन के मामले में उन पर साढ़े तीन साल का प्रतिबंध लगाया गया।
प्रतिबंध पूरा होने के बाद टेलर ने 2025 में अपना संन्यास वापस लिया और जिम्बाब्वे की टीम में दोबारा वापसी की। अब वापसी के बाद उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैदान पर उतरते ही सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़कर एक ऐसी उपलब्धि हासिल की है, जो वनडे क्रिकेट के इतिहास में लंबे समय तक याद रखी जाएगी। 40 साल की उम्र में टेलर का यह कारनामा उनके असाधारण क्रिकेट करियर और खेल के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
वनडे क्रिकेट में सबसे लंबा करियर
• ब्रेंडन टेलर (जिम्बाब्वे) – 22 साल 146 दिन (2004–2026)
• सचिन तेंदुलकर (भारत) – 22 साल 91 दिन (1989–2012)
• सनथ जयसूर्या (श्रीलंका) – 21 साल 184 दिन (1989–2011)
• जावेद मियांदाद (पाकिस्तान) – 20 साल 272 दिन (1975–1996)
• सीन विलियम्स (जिम्बाब्वे) – 20 साल 187 दिन (2005–2025)







