
पलामू: जिले के ऊंटारी रोड थाना क्षेत्र के लुंबा सतबहिनी गांव में बुधवार को नाबालिग लड़की का शव घर के पास स्थित कुएं से बरामद होने के बाद सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान गांव निवासी शिवकुमार पासवान की बेटी रमा कुमारी (16) के रूप में हुई है। शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार, रमा कुमारी मंगलवार देर शाम से लापता थी। परिवार की ओर से उसके लापता होने की सूचना ऊंटारी रोड थाना पुलिस को दी गई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए नाबालिग से मोबाइल फोन पर बातचीत करने वाले एक लड़के से भी पूछताछ की थी।
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि रमा मोबाइल फोन पर एक लड़के से बातचीत करती थी। परिवार को इसकी जानकारी थी और इसी बात को लेकर पहले भी उसके साथ मारपीट किए जाने की जानकारी पुलिस को मिली है।
इसी बीच बुधवार को रमा का शव कुएं से बरामद हुआ। बताया जा रहा है कि कुआं घर की दहलीज के बिल्कुल पास स्थित है। शव मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ऊंटारी रोड थाना प्रभारी संतोष कुमार गिरी ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला ऑनर किलिंग के एंगल से संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि नाबालिग के साथ पूर्व में मारपीट किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
फिलहाल पुलिस परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।






