
उधमपुर: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सुरक्षाबलों को आतंकवाद विरोधी अभियान में बड़ी कामयाबी मिली है। मजालता के खुबन इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद बुधवार शाम सेना और सुरक्षाबलों ने संयुक्त रूप से तलाशी अभियान शुरू किया था। इसी दौरान देर रात आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई।
मुठभेड़ में प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के दो आतंकियों के मारे जाने की खबर है। मारे गए दोनों आतंकियों के पाकिस्तानी नागरिक होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, इस संबंध में अभी सुरक्षाबलों या प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
बताया जा रहा है कि सुरक्षाबलों को पिछले कुछ समय से मजालता तहसील के खुबन इलाके में सात से आठ आतंकियों की मौजूदगी की सूचनाएं मिल रही थीं। इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान आतंकियों की ओर से फायरिंग किए जाने के बाद मुठभेड़ शुरू हुई।
फिलहाल इलाके में सेना का ऑपरेशन जारी है। ड्रोन से निगरानी की जा रही है। सुरक्षाबल आसपास के क्षेत्रों में भी तलाशी अभियान चला रहे हैं और किसी अन्य आतंकी की मौजूदगी की आशंका को देखते हुए इलाके को पूरी तरह सुरक्षित करने की कोशिश की जा रही है।






