
रामबन: जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले के बटोत इलाके में मंगलवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब जियारत मोड़ के पास सना इलाके में एक कार के अंदर दो पुलिसकर्मी मरणासन्न हालत में मिले। स्थानीय लोगों ने दोनों को तत्काल जिला अस्पताल रामबन पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतकों की पहचान हेड कांस्टेबल फरीद अहमद (408/RBN), निवासी भट्टी, रामबन और सिलेक्शन ग्रेड कांस्टेबल (SGCT) मोहम्मद याकूब (309/RBN), निवासी जटगली, रामबन के रूप में हुई है। दोनों जिला पुलिस लाइंस (DPL) रामबन में तैनात थे।
पुलिस के अनुसार, दोनों पुलिसकर्मी एक फिएट वियास कार के अंदर बेहोशी की हालत में मिले थे। स्थानीय लोगों की नजर पड़ने के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटना की जानकारी रात करीब 8:30 बजे पुलिस को मिली।
दोनों की मौत के कारणों को लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मौत की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
पुलिस ने उस कार की भी जांच शुरू कर दी है, जिसमें दोनों पुलिसकर्मी मिले थे। मौके और वाहन से जुड़े तथ्यों की जांच के साथ पुलिस स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है। शवों को पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी औपचारिकताओं के लिए जिला अस्पताल में रखा गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही दोनों पुलिसकर्मियों की मौत की वजह को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
घटना की सूचना दोनों पुलिसकर्मियों के परिजनों को दे दी गई है। खबर मिलते ही परिवारों में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
इस घटना से जिला पुलिस महकमे में भी शोक का माहौल है। पुलिस अधिकारियों की ओर से मामले की जांच जारी है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।






