
चक्रधरपुर: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर में गुरुवार दोपहर महिला पर्यवेक्षिका अनिता बिंद की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। वारदात के बाद मौके से भाग रहे एक युवक को स्थानीय लोगों ने पीछा कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में युवक ने खुद को अनिता का प्रेमी बताया है। फिलहाल पुलिस हत्या की वजह और दोनों के बीच संबंधों की पड़ताल कर रही है।
जानकारी के अनुसार, अनिता बिंद सोनुआ प्रखंड में महिला पर्यवेक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। वह मूलरूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली थीं और करीब 15 दिन पहले ही चक्रधरपुर के शीतला मंदिर ग्वाला पट्टी, वार्ड नंबर सात में संजय साव के मकान में किराए पर रहने आई थीं।
बताया जा रहा है कि गुरुवार दोपहर करीब दो बजे अनिल कुमार बिंद नामक युवक अनिता से मिलने उनके कमरे पर पहुंचा था। कुछ देर बाद मकान के ऊपरी हिस्से से चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। इसी दौरान आसपास के लोगों ने एक युवक को मकान से निकलकर भागते देखा। संदेह होने पर लोगों ने उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर पकड़ लिया।
खून से लथपथ मिलीं अनिता
पड़ोसियों ने कमरे में जाकर देखा तो अनिता गंभीर रूप से घायल और खून से लथपथ पड़ी थीं। उनके गर्दन और शरीर पर धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान मिले। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही चक्रधरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अनिता को अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल भेज दिया है।
हत्या की वजह तलाश रही पुलिस
पुलिस ने आरोपी अनिल कुमार बिंद को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में आरोपी और मृतका दोनों के उत्तर प्रदेश के रहने वाले होने की जानकारी सामने आई है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुद को अनिता का प्रेमी बताया है।
फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह, दोनों के बीच संबंधों और वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार का पता लगाने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों, आरोपी से पूछताछ और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की परिस्थितियां स्पष्ट होंगी।




