
ऋतुराज जायसवाल बने सचिव, नवमी को महाभंडारा और सप्तमी से नवमी तक डांडिया
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। श्री बंशीधर बस स्टैंड स्थित सब्जी बाजार में बुधवार की देर शाम दुर्गा पूजा को लेकर जय भामा शाह क्लब की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता क्लब के संरक्षक कामेश्वर प्रसाद ने की। बैठक में दुर्गा पूजा समारोह आयोजित करने को लेकर विचार विमर्श किया गया। इसमें सर्वसम्मति से इस वर्ष भी दुर्गा पूजा भव्य एवं आकर्षक तरीके से मनाने का निर्णय लिया गया। पूजा पंडाल, प्रतिमा स्थापना, विद्युत सज्जा, डांडिया कार्यक्रम और महाभंडारा सहित विभिन्न तैयारियों पर चर्चा कर रूपरेखा तय की गई। बैठक में पिछले वर्ष का आय-व्यय भी प्रस्तुत किया गया।
बैठक के दौरान क्लब का पुनर्गठन किया गया। सर्वसम्मति से रजनीकांत मधुर उर्फ भोलू को लगातार आठवीं बार अध्यक्ष चुना गया। वहीं ऋतुराज जायसवाल को सचिव, नित्यानंद कुमार एवं अजीत केसरी को उपाध्यक्ष तथा अविनाश कुमार छोटू को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
जगन्नाथ मंदिर की थीम पर बनेगा पूजा पंडाल
क्लब के अध्यक्ष रजनीकांत मधुर उर्फ भोलू ने कहा कि लगातार आठवीं बार अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिलना उनके लिए सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। इस वर्ष की दुर्गा पूजा पिछले वर्षों की अपेक्षा और अधिक भव्य एवं यादगार बनाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस बार ओडिशा के पुरी स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर की थीम पर आकर्षक पूजा पंडाल का निर्माण कराया जाएगा। नवरात्र के नौ दिनों तक मां दुर्गा की पूजा-अर्चना और संध्या आरती होगी। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया जाएगा। आकर्षक सजावट और रंग-बिरंगी रोशनी से पूजा पंडाल को भव्य रूप दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सप्तमी से नवमी तक तीन दिवसीय डांडिया कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। डांडिया कार्यक्रम प्रतिदिन रात 8 बजे से शुरू होगा। अष्टमी की शाम 7 बजे महाआरती का आयोजन किया जाएगा।
नवमी के दिन कन्या पूजन के बाद विशाल महाभंडारा आयोजित किया जाएगा। वहीं मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन एवं विदाई समारोह श्रद्धापूर्वक कंधे पर प्रतिमा लेकर किया जाएगा।
ये रहे मौजूद
बैठक में क्लब के संरक्षक भरत भूषण प्रसाद, कामेश्वर प्रसाद, वीरेंद्र अग्रहरि, ओमप्रकाश गुप्ता, संजीत कुमार उर्फ छोटू, आनंद जायसवाल, रुपेश कुमार पप्पू, विकास कुमार शालू, अमित कुमार गुड्डू, बिकु कुमार, रंजू कुमार, आशीष कुमार, विनीत कुमार शरद सहित कार्यकारिणी सदस्य दिनेश जायसवाल, कौशल कुमार, नवनीत लाल अग्रवाल, अभिषेक कुमार, अनिल कुमार मेहता, पंकज कुमार, सूरज कुमार, उज्ज्वल कुमार, अमित कुमार एवं धीरज कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।







