
रांची: बीआईटी मेसरा के हॉस्टल नंबर-9 में शुक्रवार रात उस समय सनसनी फैल गयी, जब एक छात्रा का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान गोड्डा जिले की रहने वाली अंजली सुमन के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, अंजली सुमन हॉस्टल नंबर-9 में रहकर पढ़ाई कर रही थी। शुक्रवार शाम कॉलेज से लौटने के बाद वह अपने कमरे में चली गयी। काफी देर तक उसके कमरे से बाहर नहीं आने और भोजन के समय भी उसके मेस में नहीं पहुंचने पर सहेलियों को चिंता हुई।
इसके बाद कुछ छात्राओं ने कमरे के दरवाजे में बने छेद से अंदर झांककर देखा। अंजली कमरे के अंदर पंखे से फंदे के सहारे लटकी हुई दिखाई दी। छात्राओं ने तत्काल इसकी सूचना कॉलेज प्रबंधन को दी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद बीआईटी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ हॉस्टल पहुंचे। पुलिस ने कमरे की जांच की और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को फंदे से नीचे उतरवाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच के दौरान घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। छात्रा ने यह कदम क्यों उठाया, इसके पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस छात्रा के कमरे और आसपास के स्थानों की जांच के साथ-साथ घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को भी खंगाल रही है।
घटनास्थल पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम को भी बुलाया गया है। टीम घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाएगी। पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।






