
राहुल कश्यप को कार्यकारी अध्यक्ष और सौरभ विष्णु को वरीय उपाध्यक्ष बनाया गया
जमशेदपुर। दुर्गापूजा के दौरान जिले में सुरक्षा, व्यवस्था और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर पूर्वी सिंहभूम सेंट्रल दुर्गा पूजा समिति ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मानगो के डिमना चौक स्थित लॉग इन होटल के सभागार में समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष दुलाल भुइयां ने की।
बैठक में पूजा समितियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों के साथ-साथ आगामी दुर्गापूजा को बेहतर तरीके से संपन्न कराने की रणनीति पर चर्चा हुई। समिति ने स्पष्ट किया कि पूजा के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं को पहले से चिह्नित कर जिला प्रशासन के समक्ष रखा जाएगा, ताकि समय रहते उनका समाधान कराया जा सके।
राहुल कश्यप और सौरभ विष्णु को मिली नई जिम्मेदारी
बैठक के दौरान समिति के महासचिव ललन यादव ने मानगो नगर निगम के उप महापौर राहुल कश्यप तथा समाजसेवी सौरभ विष्णु को समिति में क्रमशः कार्यकारी अध्यक्ष और वरीय उपाध्यक्ष बनाए जाने का प्रस्ताव रखा। मौजूद पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने ध्वनिमत से प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद राहुल कश्यप और सौरभ विष्णु ने पूजा समितियों को भरोसा दिलाया कि आयोजन से पहले उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
प्रशासन के साथ समन्वय पर जोर
समिति के अध्यक्ष दुलाल भुइयां ने कहा कि सेंट्रल दुर्गा पूजा समिति का उद्देश्य जिले में दुर्गापूजा के आयोजन को प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय के साथ संपन्न कराना है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी समिति ने ग्रामीण इलाकों की पूजा समितियों से जुड़ी कई समस्याओं को प्रशासन के सामने रखकर उनके समाधान का प्रयास किया था।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी अलग-अलग पूजा कमिटियों से समस्याएं प्राप्त हो रही हैं। इन सभी मुद्दों को एकत्र कर उपायुक्त और वरीय पुलिस अधीक्षक के साथ होने वाली आगामी बैठक में रखा जाएगा। समिति की कोशिश होगी कि पूजा शुरू होने से पहले आवश्यक समस्याओं का समाधान हो जाए।
350 से ज्यादा पूजा कमिटियां समिति से जुड़ीं
महासचिव ललन यादव ने बताया कि पूर्वी सिंहभूम के शहरी और ग्रामीण इलाकों की 350 से अधिक दुर्गा पूजा समितियां सेंट्रल दुर्गा पूजा समिति से जुड़ी हुई हैं। इनमें कई पूजा समितियां ऐसी हैं, जिनका इतिहास 100 वर्ष से भी अधिक पुराना है।
उन्होंने बताया कि इस बार पूजा समितियों के सामने अनुज्ञप्ति समेत अन्य प्रशासनिक समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया है। समिति इन मामलों को प्रशासन के सामने रखकर समय रहते समाधान कराने की दिशा में काम करेगी।
35 सूत्री मांगों के बाद अब जमीनी समस्याओं का जुटाया जा रहा ब्योरा
वरीय उपाध्यक्ष आशीष गुप्ता ने बताया कि पिछली बैठक में उपायुक्त और वरीय पुलिस अधीक्षक को 35 बिंदुओं से संबंधित मांगपत्र सौंपा गया था। अब समिति के पदाधिकारी जिले के अलग-अलग क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं और पूजा समितियों से उनकी समस्याओं की जानकारी जुटा रहे हैं।
इन समस्याओं की सूची तैयार होने के बाद आगामी प्रशासनिक बैठक में उन्हें एक साथ रखा जाएगा, ताकि पूजा से पहले आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
बैठक का संचालन वरीय उपाध्यक्ष प्रोफेसर मनोज किशोर ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन संयुक्त सचिव डॉ. श्याम शर्मा ने किया। मौके पर वरीय उपाध्यक्ष बीरेन्द्र सिंह, हर्ष यादव, सचिव देवदर्शिनी बोस, संतोष सिंह, भोला लोहार, असित कुमार गिरी, तापस चटर्जी, कमल राम यादव, कुंज विभार, अभय कुमार सिंह, हैरी मुखी, पवन कुमार उपाध्याय, सोनू शर्मा समेत विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।





