
नई दिल्ली: घरेलू LPG सिलेंडर लेने वाले उपभोक्ताओं के लिए जरूरी खबर है। 1 अक्टूबर 2026 से सब्सिडी वाले घरेलू LPG सिलेंडर की बुकिंग के लिए आधार बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन पूरा होना जरूरी होगा। जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उन्हें सब्सिडी का लाभ लेने में परेशानी हो सकती है। सरकार ने ऐसे उपभोक्ताओं से 1 अक्टूबर से पहले बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन पूरा करने की अपील की है।
सरकार के मुताबिक, देश में सक्रिय घरेलू LPG उपभोक्ताओं में से 27.43 करोड़ (89.9 फीसदी) उपभोक्ताओं का आधार बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन पहले ही पूरा हो चुका है। इन उपभोक्ताओं को दोबारा किसी तरह की प्रक्रिया पूरी करने की जरूरत नहीं होगी और वे पहले की तरह LPG सिलेंडर बुक कर सकेंगे।
प्रोसेस को पूरा करने के तरीके
• डिलीवरी के समय, जब डिलीवरी करने वाला व्यक्ति संबंधित ऑयल मार्केटिंग कंपनी (OMC) के मोबाइल ऐप का इस्तेमाल करके ऑथेंटिकेशन कर सकता है।
• डिस्ट्रीब्यूटर के शोरूम पर।
• घर बैठे OMC के मोबाइल ऐप के जरिए।
Indane के ग्राहक IndianOil ONE ऐप, Bharatgas के ग्राहक HelloBPCL और HP Gas के ग्राहक HP PAY ऐप का इस्तेमाल करके खुद से e-KYC पूरा कर सकते हैं।
बायोमेट्रिक नहीं कराने पर क्या होगा?
जो उपभोक्ता बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन नहीं कराना चाहते या किसी वजह से इसे पूरा नहीं कर पा रहे हैं, उनके लिए भी LPG की सुविधा बंद नहीं होगी। ऐसे ग्राहक अपनी संबंधित OMC के डिजिटल चैनल, मोबाइल ऐप, WhatsApp चैटबॉट या IVRS के माध्यम से अपनी पसंद दर्ज करा सकते हैं।
हालांकि, ऐसे उपभोक्ताओं को सब्सिडी के बिना बाजार मूल्य पर LPG सिलेंडर दिया जाएगा। स्थानीय उपलब्धता के आधार पर उन्हें 5 किलो या 10 किलो के सिलेंडर भी मिल सकते हैं।
कई बार बढ़ाई गई समयसीमा
आधार बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन पूरा करने की शुरुआती समयसीमा 30 जून 2026 निर्धारित की गई थी। बाद में उपभोक्ताओं को अतिरिक्त समय देने के लिए इसे कई बार बढ़ाया गया और आखिरकार 14 सितंबर 2026 तक का समय दिया गया।
सरकार के अनुसार, अक्टूबर 2023 से चल रहे इस अभियान के तहत LPG उपभोक्ताओं को जागरूक करने के लिए 12 करोड़ से अधिक SMS और WhatsApp संदेश भेजे जा चुके हैं। इसके अलावा LPG वितरकों, डिलीवरी कर्मचारियों और विशेष कैंपों के माध्यम से भी उपभोक्ताओं को बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन पूरा करने के लिए जागरूक किया गया है।
1 अक्टूबर से पहले करा लें आधार बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन
सरकार ने जिन घरेलू LPG उपभोक्ताओं का आधार बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन अब तक पूरा नहीं हुआ है, उनसे 1 अक्टूबर 2026 से पहले प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है, ताकि सब्सिडी वाले LPG सिलेंडर की बुकिंग में किसी तरह की परेशानी न हो।
LPG सेवाओं से संबंधित सहायता के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-2333-555 पर संपर्क किया जा सकता है।






