
पलामू: छतरपुर थाना क्षेत्र के भीखही गांव के पूर्वी टोला में पारिवारिक विवाद के बीच एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। रविवार सुबह मकई के खेत से एक व्यक्ति का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बभनडीह गांव निवासी गांधी भुइयां के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। मृतक के ससुर जगदेव भुइयां पर कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद से वह फरार बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, गांधी भुइयां की पत्नी काफी समय से अपने मायके में रह रही थी। बताया जाता है कि वह बिहार के कुदरा में मजदूरी करती है। पत्नी को वापस घर ले जाने की बात को लेकर गांधी शनिवार को अपने बच्चों के साथ भीखही स्थित ससुराल पहुंचा था।
बताया जा रहा है कि शनिवार रात खाना खाने के बाद गांधी अपने ससुर जगदेव भुइयां के साथ घर से कुछ दूरी पर स्थित दूसरे मकान में सोने चला गया। इसके बाद रविवार सुबह ग्रामीणों ने मकई के खेत में गांधी का शव पड़ा देखा। शव मिलने की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी परिजनों और पुलिस को दी।
सूचना पर छतरपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, शव पर धारदार हथियार से चोट के निशान मिले हैं। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
घटना के बाद से मृतक का ससुर जगदेव भुइयां फरार बताया जा रहा है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पारिवारिक विवाद में हत्या की आशंका
छतरपुर थाना प्रभारी सौरभ कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।






