
कुकड़ू में गणेश पूजा महोत्सव की धूम, मिलन पोद्दार नाइट में उमड़ी भीड़
सरायकेला-खरसावां: कुकड़ू हाट मैदान में श्री श्री सार्वजनिक गणेश पूजा समिति, सोलोआना, कुकड़ू द्वारा आयोजित गणेश पूजा महोत्सव के तहत शनिवार को मिलन पोद्दार नाइट का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा झारखंड प्रदेश शिक्षा प्रकोष्ठ के संयोजक डॉ. जटाशंकर पांडेय विशिष्ट अतिथि सोनारी मंडल अध्यक्ष प्रशांत कुमार पोद्दार सरायकेला जिला परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष अशोक साहू, कृष्णा यादव एवं युवा मोर्चा के जिला मंत्री आकाश महतो ने भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना कर एवं फीता काटकर किया।
इस अवसर पर पूजा समिति की ओर से सभी अतिथियों को भगवान श्री गणेश का चित्र एवं अंगवस्त्र भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। आयोजन समिति के रामभजन कुमार, कृष्णा कुम्हार, वसंत पोद्दार, विष्णु कुमार, निधुराम कुमार, मनोज मछुआ, नारायण पोद्दार सहित सभी सदस्यों एवं स्थानीय लोगों ने अतिथियों का स्वागत किया।
गणेश पूजा महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए मीना बाजार तथा विभिन्न प्रकार के आकर्षक झूले लगाए गए हैं, जो मेले में विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। शाम होते ही मेला परिसर में भारी भीड़ उमड़ रही है।
शनिवार को आयोजित मिलन पोद्दार नाइट में कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। इस दौरान मुख्य अतिथि डॉ. जटाशंकर पांडेय एवं प्रशांत कुमार पोद्दार ने स्थानीय कलाकार मिलन पोद्दार एवं आस्तिक दिवान को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।

मुख्य अतिथि डॉ. जटाशंकर पांडेय ने अपने संबोधन में कहा “भगवान गणेश ज्ञान, बुद्धि और समृद्धि के प्रतीक हैं। ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन हमारे समाज को एकजुट रखते हैं और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ते हैं। सोलोआना पूजा समिति ने जिस भव्यता से इस महोत्सव का आयोजन किया है, वह पूरे ईचागढ़ क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।”
भाजपा सोनारी मंडल अध्यक्ष एवं कुकड़ू निवासी श्री प्रशांत कुमार पोद्दार ने अपने संबोधन में क्षेत्र के सभी लोगों से गणेश पूजा महोत्सव में शामिल होकर धार्मिक, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं मेले का आनंद लेने तथा आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से सफल बनाने में सहयोग की अपील की है।






