
संभल: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में शनिवार सुबह एक प्रेमी युगल के शव पेड़ से लटके मिलने से सनसनी फैल गई। मामला बनियाठेर थाना क्षेत्र के सैजनी गांव का है। मृतकों में 19 वर्षीय अनिल और 17 वर्षीय किशोरी शामिल हैं। दोनों शुक्रवार रात से लापता थे और परिजन रातभर उनकी तलाश करते रहे। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने खेत में एक पेड़ से दोनों के शव लटके देखे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
बताया जा रहा है कि दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे और उनके घरों के बीच करीब 100 मीटर की दूरी थी। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था और वे शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार इसके लिए तैयार नहीं था। करीब एक माह पहले दोनों के रिश्ते की जानकारी परिजनों को हुई थी। इसके बाद परिवार वालों ने दोनों की निगरानी बढ़ा दी थी और उनके मिलने-जुलने पर रोक-टोक भी की जा रही थी।
मेला देखने की बात कहकर घर से निकला था अनिल
परिजनों के मुताबिक, अनिल पिछले दो दिनों से गणेश मेला देखने जाने की बात कह रहा था। शुक्रवार रात वह घर से निकला था। दूसरी ओर, किशोरी के परिजनों को उसके घर से गायब होने की जानकारी रात करीब 11 बजे हुई।
किशोरी के परिजन इसके बाद अनिल के घर पहुंचे और उसके बारे में जानकारी ली। जब दोनों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली तो दोनों परिवारों ने रात में ही उनकी तलाश शुरू कर दी। आसपास के इलाकों और संभावित स्थानों पर खोजबीन की गई, लेकिन दोनों का पता नहीं चल सका।
सुबह खेत में पेड़ से लटके मिले दोनों के शव
शनिवार सुबह गांव के कुछ लोग खेतों की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर एक पेड़ से लटके दोनों शवों पर पड़ी। शव मिलने की सूचना तेजी से गांव में फैल गई। दोनों परिवारों के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
घटना की जानकारी मिलने पर बनियाठेर थाना पुलिस और चंदौसी कोतवाली पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







