
रांची: राजधानी रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात ट्रक चालक से चाकू के बल पर लूटपाट कर भाग रहे दो अपराधियों को पकड़ने के दौरान सब-इंस्पेक्टर मुकेश कुमार घायल हो गए। अपराधियों के पास चाकू होने के बावजूद उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना दोनों का पीछा किया और अकेले ही उनसे भिड़ गए। हाथापाई के दौरान उनके कंधे में गंभीर चोट लगी और कंधा फ्रैक्चर हो गया। इसके बावजूद उन्होंने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
घटना हरमू बिजली ऑफिस के पास की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, दो अपराधियों ने एक ट्रक चालक को चाकू का भय दिखाकर उसके साथ लूटपाट की और मौके से भागने लगे। इसी दौरान अरगोड़ा थाने में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर मुकेश कुमार की नजर अपराधियों पर पड़ी। उन्होंने बिना देर किए दोनों का पीछा शुरू कर दिया।
अपराधियों को पकड़ने के दौरान मुकेश कुमार की उनसे हाथापाई हो गई। दोनों आरोपियों के पास चाकू होने के बावजूद सब-इंस्पेक्टर पीछे नहीं हटे। इसी दौरान उनके कंधे में गंभीर चोट लगी और उनका कंधा फ्रैक्चर हो गया। घायल होने के बाद भी उन्होंने दोनों आरोपियों को अपनी पकड़ से निकलने नहीं दिया और उन्हें दबोच लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन कुमार और अमन तिवारी के रूप में हुई है।
रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि सब-इंस्पेक्टर मुकेश कुमार ने साहस का परिचय देते हुए लूटपाट कर भाग रहे दोनों आरोपियों को अकेले पकड़ लिया। इस दौरान वह घायल हो गए। फिलहाल घायल सब-इंस्पेक्टर का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि इनका पहले से कोई आपराधिक रिकॉर्ड है या नहीं। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।





