
गढ़वा/श्री बंशीधर नगर। गढ़वा जिले के रंका और हरिहरपुर इलाके में हुई बाइक लूट की जांच करते-करते पुलिस एक ऐसे अंतरराज्यीय गिरोह तक पहुंच गई, जिसकी गतिविधियों के तार झारखंड के अलावा उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश से जुड़े पाए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, इसी गिरोह से जुड़े बदमाशों ने मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के विंध्यनगर थाना क्षेत्र स्थित कंचन ज्वेलर्स में भी डकैती की वारदात को अंजाम दिया था।
गढ़वा पुलिस ने इस मामले में विशुनपुरा थाना क्षेत्र के पतिहारी निवासी सोनू उर्फ शाबीर अंसारी (29) को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बताई जा रही रोनिन बाइक, 15.33 ग्राम सोना और 3,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार मामले में एक आरोपी मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार हुआ है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
12 और 13 सितंबर को हुई थी बाइक लूट
पुलिस के मुताबिक रंका थाना क्षेत्र में 12 सितंबर और हरिहरपुर ओपी क्षेत्र में 13 सितंबर 2026 को बाइक लूट की घटनाएं हुई थीं। लगातार हुई इन वारदातों के बाद पुलिस को आशंका थी कि गिरोह किसी बड़ी आपराधिक घटना की तैयारी में है।
एसपी के निर्देश पर विशेष टीम का गठन कर तकनीकी जानकारी और स्थानीय स्तर पर जुटाए गए इनपुट के आधार पर जांच शुरू की गई। इसी दौरान पुलिस को मध्य प्रदेश के विंध्यनगर इलाके में कंचन ज्वेलर्स में हुई डकैती की जानकारी मिली।
गढ़वा से लूटी बाइक पहुंची मध्य प्रदेश
जांच में पुलिस के सामने आया कि बाइक लूट के बाद आरोपी अलग-अलग रास्तों से इलाके से निकले। पुलिस के अनुसार गिरोह के कुछ सदस्य लूटी गई बाइक लेकर उत्तर प्रदेश की सीमा की ओर गए और बाद में मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के विंध्यनगर पहुंचे।
17 सितंबर की शाम जयंत स्थित कंचन ज्वेलर्स में डकैती की घटना हुई। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में पुलिस की कार्रवाई के दौरान एक संदिग्ध आरोपी पकड़ा गया, जिसके बाद पूरे नेटवर्क की कड़ियां जुड़ने लगीं।
सोनभद्र में गिरफ्तारी के बाद खुला गढ़वा कनेक्शन
सोनभद्र पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोशन कुमार के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान उसने गढ़वा में हुई बाइक लूट की घटनाओं में भी अपनी कथित संलिप्तता बताई और गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम पुलिस को बताए।
इसके बाद गढ़वा पुलिस की टीम ने आरोपी से पूछताछ की और मिली जानकारी के आधार पर आगे कार्रवाई शुरू की। इसी क्रम में 19 सितंबर को सोनू उर्फ शाबीर अंसारी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में सोनू ने भी बाइक लूट और कंचन ज्वेलर्स की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर शमशाद अंसारी के ससुराल जाने वाले रास्ते के पास से बाइक, 15.33 ग्राम सोना और 3,500 रुपये बरामद किए गए।
तीन बड़ी वारदातों की कथित थी तैयारी
पुलिस के अनुसार पूछताछ में यह भी जानकारी सामने आई कि गिरोह ने गढ़वा और पलामू क्षेत्र में कुछ अन्य स्थानों को निशाना बनाने की योजना बनाई थी। इनमें रमना क्षेत्र के एक सोना कारोबारी, गढ़वा के नवल अलंकार ज्वेलर्स और डालटनगंज स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र का नाम सामने आया है।
पुलिस का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की सक्रियता के कारण इन स्थानों पर वारदात को अंजाम नहीं दिया जा सका। इसके बाद गिरोह ने दूसरे राज्यों में जाकर घटनाओं को अंजाम दिया।
एक गिरफ्तार, एक घायल, एक की तलाश
फिलहाल पुलिस ने सोनू उर्फ शाबीर अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है। रोशन कुमार को उत्तर प्रदेश में पुलिस की कार्रवाई के बाद घायल अवस्था में पकड़ा गया था। वहीं गिरोह का एक अन्य सदस्य शमशाद अंसारी फरार बताया जा रहा है।
पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, उनके आपराधिक इतिहास और पूर्व में की गई संभावित वारदातों की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों के मुताबिक जांच आगे बढ़ने के साथ अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े और नाम सामने आ सकते हैं।
कई राज्यों तक फैला आपराधिक नेटवर्क
पुलिस के अनुसार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड झारखंड के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के सोनभद्र और मध्य प्रदेश के सिंगरौली क्षेत्र से भी जुड़ा हुआ है। विंध्यनगर की घटना के बाद यूपी पुलिस की कार्रवाई और गढ़वा पुलिस की जांच को जोड़ने पर इस पूरे नेटवर्क की तस्वीर सामने आई।
गढ़वा पुलिस की इस कार्रवाई में एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों के पुलिस पदाधिकारी शामिल रहे। जांच में मध्य प्रदेश के विंध्यनगर थाना पुलिस से भी सहयोग मिलने की बात सामने आई है।




