
शुभम जायसवाल
धार्मिक आयोजनों से मजबूत होती है सामाजिक एकता : विधायक
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा): परिवर्तिनी एकादशी के अवसर पर श्री श्याम मंडल श्री बंशीधर नगर के तत्वावधान में आयोजित श्री श्याम संकीर्तन महोत्सव को लेकर मंगलवार को बाबा श्री खाटू श्याम जी की भव्य निशान शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में क्षेत्रीय विधायक अनंत प्रताप देव, नगर पंचायत अध्यक्ष साधना देवी और उपाध्यक्ष संध्या देवी सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्याम भक्त शामिल हुए। बाबा के जयकारों से पूरा शहर गूंज उठा और वातावरण भक्तिमय हो गया। मान्यता है कि बाबा श्री खाटू श्याम को निशान अर्पित करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इसी आस्था के साथ श्रद्धालु पूरे भक्तिभाव से निशान लेकर शोभायात्रा में शामिल हुए।

शोभायात्रा का शुभारंभ पेट्रोल पंप के समीप स्थित गायत्री शक्तिपीठ से हुआ। वाहन पर विराजमान बाबा श्री खाटू श्याम जी की विधिवत पूजा-अर्चना के बाद निशान शोभायात्रा नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए ऐतिहासिक श्री बंशीधर मंदिर पहुंची। यहां बाबा श्री खाटू श्याम जी की आरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने मंदिर की परिक्रमा की और शोभायात्रा कार्यक्रम स्थल प्लस टू हाई स्कूल मैदान पहुंची।

शोभायात्रा में श्रद्धालु अपने हाथों में बाबा का निशान लेकर भक्तिभाव से आगे बढ़ रहे थे। इस दौरान ‘खाटू नरेश की जय’, ‘श्याम बाबा की जय’, ‘खाटू धाम की जय’, ‘तीन बाणधारी की जय’, ‘शीश के दानी की जय’ और ‘हारे के सहारे की जय’ के जयकारों से पूरा शहर गुंजायमान रहा। रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। बाबा श्याम के भजनों पर भक्त जमकर झूमे और नाचे। डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
गायत्री शक्तिपीठ पहुंचने पर गायत्री परिवार के सदस्यों ने श्याम भक्तों का तिलक लगाकर स्वागत किया।
विधायक अनंत प्रताप देव ने कहा कि श्री बंशीधर नगर की धरती सदैव से धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों की धरती रही है। बाबा श्री खाटू श्याम जी की निशान शोभायात्रा में जिस तरह बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ भाग लिया, वह क्षेत्र की धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का परिचायक है। उन्होंने श्री श्याम मंडल के सदस्यों को आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक कार्यक्रम समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करते हैं। उन्होंने बाबा श्री श्याम से क्षेत्र की सुख-समृद्धि और सभी लोगों के जीवन में खुशहाली की कामना की।

श्री श्याम की कृपा से हर वर्ष होगा महोत्सव : वीरेंद्र
श्री श्याम मंडल के व्यवस्थापक वीरेंद्र प्रसाद अग्रहरी ने बताया कि श्री बंशीधर नगर में पहली बार श्री श्याम संकीर्तन महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। निशान शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्याम भक्तों ने भाग लिया, जिससे आयोजन को लेकर भक्तों में काफी उत्साह देखने को मिला। उन्होंने कहा कि बाबा श्री श्याम की कृपा रही तो हर वर्ष इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि महोत्सव के दौरान बाबा श्री श्याम का अलौकिक शृंगार, दिव्य ज्योत, पुष्प वर्षा, छप्पन भोग एवं श्री श्याम रसोई का आयोजन किया गया। संध्या में धनबाद के भजन गायक राहुल सोनी, भोपाल की रिया मालवीय और लखनऊ के कृष्ण शर्मा द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। श्याम भक्तों के लिए महिला और पुरुषों के बैठने की अलग-अलग व्यवस्था की गई है।

इनकी रही सक्रिय भागीदारी
शोभायात्रा में राजेश प्रताप देव, प्रतिष्ठित व्यवसायी वीरेंद्र प्रसाद कमलापुरी, जोखू प्रसाद, अजीत चौबे, विकास कमलापुरी, रजनीकांत मधुर उर्फ भोलू, महेंद्र चंद्रवंशी, श्याम सुंदर राम रजनीश सिंह, श्री श्याम मंडल के व्यवस्थापक वीरेंद्र प्रसाद अग्रहरी, प्रकाश जायसवाल, रूपेश जायसवाल, संजीव कुमार, अभिषेक जायसवाल, अमित कुमार, सज्जन कुमार, पिंटू कुमार, चंदन जायसवाल, उत्कर्ष जायसवाल, मिक्की जायसवाल सहित बड़ी संख्या में श्याम भक्त उपस्थित रहे।
जगह-जगह हुआ स्वागत
श्री श्याम ध्वज शोभायात्रा के दौरान श्री बंशीधर सूर्य मंदिर ट्रस्ट की ओर से श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। वहीं फैशन शो के संचालक साहिल कमलापुरी, मोबाइल डॉट कॉम के संचालक विकास कुमार, पेप्सी एजेंसी के संचालक प्रियांशु जायसवाल एवं फ्रेंड रॉक ग्रुप की ओर से श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था की गई तथा पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया।






