
रांची: धुर्वा थाना क्षेत्र के शहीद मैदान में सोमवार शाम हड़िया दुकान पर शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में खूनी वारदात में बदल गया। आरोप है कि विवाद शांत होने के बाद अपना मोबाइल लेने अकेले वापस पहुंचे ऑटो चालक शोभनाथ राय को कुछ लोगों ने घेर लिया और लाठी-डंडे से जमकर पीटा। सिर में गंभीर चोट लगने से शोभनाथ बेसुध होकर गिर पड़े। परिजन उन्हें आनन-फानन में गुरुनानक अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मामले में पुलिस ने राजेंद्र तिर्की उर्फ बाबा और दशरथ यादव को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपितों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
बेटे को फोन कर बताया- कुछ लोग कर रहे हैं मारपीट
चुटिया थाना क्षेत्र के द्वारिकापुरी रोड नंबर-8 निवासी शोभनाथ राय एयरपोर्ट से रिजर्व में ऑटो चलाते थे। सोमवार शाम करीब 7 बजे उन्होंने अपने 18 वर्षीय बेटे सन्नी कुमार को फोन किया। बताया कि शहीद मैदान के पास कुछ लोग उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट कर रहे हैं।
पिता का फोन आने के बाद सन्नी अपने भाई किशन कुमार और दोस्तों प्रियांशु सिंह व लल्लू कुमार के साथ करीब 7:10 बजे शहीद मैदान पहुंचा। शांति देवी की हड़िया दुकान के पास पहुंचने पर शोभनाथ ने संदीप पासवान, रंजीत और राजेंद्र तिर्की उर्फ बाबा की पहचान की। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच फिर कहासुनी और हाथापाई हो गई।
परिजनों और साथ आए लोगों के हस्तक्षेप के बाद विवाद शांत हुआ। इसके बाद सन्नी और उसके साथी शोभनाथ को अपने साथ लेकर वहां से निकलने लगे।
मोबाइल लेने अकेले वापस लौटे शोभनाथ
रास्ते में शोभनाथ को याद आया कि उनका मोबाइल हड़िया दुकान पर ही छूट गया है। उन्होंने बेटे और अन्य लोगों से कुछ देर रुकने को कहा और अकेले मोबाइल लेने वापस दुकान की ओर चले गए।
परिजनों का आरोप है कि शोभनाथ के अकेले पहुंचने पर आरोपितों ने उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडे से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के बाद वह जमीन पर गिर पड़े।
काफी देर तक शोभनाथ के वापस नहीं लौटने पर सन्नी और उसके साथ मौजूद लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। वे दोबारा हड़िया दुकान की ओर पहुंचे। वहां शोभनाथ गंभीर रूप से घायल और बेसुध हालत में पड़े मिले। उनके सिर से काफी खून बह रहा था।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
परिजनों ने तत्काल शोभनाथ को उठाया और इलाज के लिए गुरुनानक अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद मृतक के बेटे सन्नी कुमार के बयान पर धुर्वा थाने में संदीप पासवान, रंजीत, राजेंद्र तिर्की उर्फ बाबा समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
सन्नी ने अपने बयान में आरोप लगाया है कि राजेंद्र तिर्की उर्फ बाबा और अन्य लोगों ने उसके पिता पर हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई।
दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश में छापेमारी
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए राजेंद्र तिर्की उर्फ बाबा और दशरथ यादव को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, अन्य आरोपितों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।







