
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर में गुरुवार को दिनदहाड़े बैंक लूट की बड़ी वारदात से हड़कंप मच गया। गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित केनरा बैंक खुलते ही करीब पांच हथियारबंद अपराधी घुस गए। अपराधियों ने बंदूक की नोक पर बैंक कर्मचारियों और वहां मौजूद ग्राहकों को बंधक बना लिया। इसके बाद बैंक से नकदी और सोना-जेवरात लूटकर सभी अपराधी पैदल ही मौके से फरार हो गए।
बैंक खुलते ही घुसे हथियारबंद अपराधी
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह बैंक खुलने के कुछ ही देर बाद पांच की संख्या में हथियारबंद अपराधी बैंक के अंदर दाखिल हुए। हथियारों के बल पर उन्होंने बैंककर्मियों और ग्राहकों को अपने कब्जे में ले लिया। गार्ड संतोष कुमार ने अपराधियों का विरोध करने की कोशिश की, तो बदमाशों ने बंदूक की बट से उनके साथ मारपीट की, इससे वह घायल हो गए। इसके बाद बैंक मैनेजर को गन प्वाइंट पर लेकर बैंक में मौजूद नकदी और सोने के आभूषणों को अपने कब्जे में लेकर चलते बने।
शुरुआती जांच में 42 लाख रुपये नकद लूट की बात
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में करीब 42 लाख रुपये नकद और भारी मात्रा में सोना-जेवरात लूटे जाने की बात सामने आई है। हालांकि, बैंक से कुल कितनी नकदी और कितना सोना लूटा गया है, इसका आधिकारिक आकलन अभी नहीं हो पाया है। बैंक अधिकारियों की ओर से मिलान और जांच के बाद लूट की वास्तविक रकम स्पष्ट होने की उम्मीद है।
वारदात के बाद पैदल भागे अपराधी
बताया जा रहा है कि लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी बैंक से बाहर निकले और पैदल ही फरार हो गए। दिनदहाड़े बैंक में हथियारबंद अपराधियों के घुसने और लूट की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस बैंक के अंदर और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। पुलिस ने घटना से जुड़े अन्य सुराग जुटाने के लिए भी जांच तेज कर दी है।
फिलहाल पुलिस अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों तथा घटनास्थल से बाहर निकलने वाले रास्तों की जानकारी जुटा रही है। बैंक से लूटी गई कुल नकदी और सोने की आधिकारिक मात्रा की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।







