
रांची: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के केंद्रीय नेतृत्व ने संगठन को और मजबूत करने के उद्देश्य से कई राज्यों में बड़े स्तर पर सांगठनिक फेरबदल किया है। इसी क्रम में झारखंड बीजेपी में भी महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। पवन साय को झारखंड प्रदेश बीजेपी का नया संगठन महामंत्री नियुक्त किया गया है। वहीं, अब तक इस जिम्मेदारी को संभाल रहे कर्मवीर सिंह को छत्तीसगढ़ का प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाया गया है।
पवन साय इससे पहले छत्तीसगढ़ बीजेपी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अब केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें झारखंड की संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी है। माना जा रहा है कि इस बदलाव के जरिए पार्टी ने राज्य में संगठनात्मक गतिविधियों को नए सिरे से गति देने की जिम्मेदारी पवन साय को दी है।
सौदान सिंह को चार राज्यों की जिम्मेदारी
बीजेपी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, पार्टी के वरिष्ठ नेता सौदान सिंह को राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल का दायित्व सौंपा गया है। सौदान सिंह का मुख्य केंद्र भुवनेश्वर रहेगा। इन चारों राज्यों में पार्टी के सांगठनिक कामकाज, समन्वय और संगठन से जुड़े मामलों की निगरानी की जिम्मेदारी उनके पास होगी।





