
आकाश लोहार
गढ़वा
कभी आधार में नाम की गलती सुधारने की चिंता,तो कभी मोबाइल नंबर अपडेट कराने के लिए दूर दराज के केंद्रों के चक्कर,खासकर बुजुर्गों,महिलाओं,दिव्यांगों और ग्रामीण इलाकों के लोगों के लिए आधार से जुड़ा छोटा सा काम भी कई बार परेशानी का कारण बन जाता है,लेकिन अब टंडवा और आसपास के लोगों की यह परेशानी दूर होने जा रही है।
पलामू सांसद विष्णु दयाल राम के प्रयास से टंडवा में आधार सेवा केंद्र की शुरुआत होने जा रही है,सांसद विष्णु दयाल राम 25 सितंबर 2026, शुक्रवार को दोपहर 2 बजे गढ़वा जिले के टंडवा स्थित विजय कॉम्प्लेक्स,साई हॉस्पिटल के पीछे,वार्ड संख्या 20 में आधार सेवा केंद्र का उद्घाटन करेंगे।
आधार सेवा केंद्र के शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों को आधार से संबंधित जरूरी कार्यों के लिए दूर-दराज के इलाकों में जाने की मजबूरी काफी हद तक कम होगी,यहां आधार नामांकन,आधार में आवश्यक संशोधन सहित आधार से जुड़ी अन्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।
इस पहल से खासकर वैसे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है,जिन्हें आधार संबंधी छोटे छोटे कार्यों के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी,बुजुर्गों,महिलाओं,दिव्यांगों और जरूरतमंद नागरिकों के लिए यह सुविधा और भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि आधार आज प्रत्येक नागरिक के लिए एक महत्वपूर्ण पहचान दस्तावेज बन चुका है,ऐसे में आधार से जुड़ी सेवाएं लोगों को उनके घर के करीब उपलब्ध कराना जरूरी है,स्थानीय स्तर पर सेवा केंद्र खुलने से आम लोगों को समय और मेहनत दोनों की बचत होगी,उन्होंने कहा कि पलामू संसदीय क्षेत्र के लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है,इसी उद्देश्य के साथ क्षेत्र में लगातार सुविधाओं के विस्तार और लोगों की समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
टंडवा में आधार सेवा केंद्र की शुरुआत को स्थानीय लोगों के लिए सुविधा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है,अब आधार से जुड़े काम के लिए दूर जाने की परेशानी कम होगी और जरूरत की सेवा लोगों के अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध हो सकेगी।





