
जमशेदपुर: शहर में अपराधी इस कदर बेखौफ है कि अभी पुलिस गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में 43 लाख रूपए नकद और लाखों की जूलरी चोरी होने का मामला सुलझा नहीं पाई थी और पुलिस और प्रशासन हाई अलर्ट पर है इसके बावजूद गोलमुरी मुख्य बाजार स्थित ‘आरती ज्वैलर्स’ में बीती देर रात अज्ञात चोरों ने दुकान के रोशनदान (वेंटीलेटर) को तोड़कर प्रवेश किया और लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात व नकद लेकर फरार हो गए।
घटना के संबंध में दुकान मालिक प्रणव रॉय ने बताया कि यह वारदात देर रात (मिडनाइट) की है। आज सुबह जब रोजाना की तरह दुकान खोली गई, तब दुकान के अंदर सारा सामान बिखरा हुआ था और रोशनदान टूटा मिला। चोरों ने बड़ी चालाकी से तिजोरी और काउंटर में रखे सोने-चांदी के गहनों पर हाथ साफ किया।
सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों का सुराग लगाया जा सके।
गौरतलब है कि ठीक एक दिन पहले ही शहर के कैनरा बैंक में अपराधियों ने करोड़ों रुपये की भीषण डकैती को अंजाम दिया था। बैंक डकैती के महज 24 घंटे के भीतर गोलमुरी बाजार के बीचों-बीच हुई इस बड़ी चोरी की घटना से स्थानीय व्यवसायियों में भारी आक्रोश और खौफ का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और अपराधियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।





