
संतान को खोने का दुख माता-पिता के लिए शब्दों से परे, शोकाकुल परिवार के प्रति जताई संवेदना
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की 18 वर्षीय बेटी तृषा सिंह के जमशेदपुर में सड़क हादसे में निधन पर भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनंत प्रताप देव ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। तृषा सिंह समेत चार युवाओं की गुरुवार तड़के जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित मरीन ड्राइव में सड़क हादसे में मौत हुई थी।
विधायक अनंत प्रताप देव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इस घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर में एनएच पर हुए सड़क हादसे में राज्य सरकार की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी एवं अन्य लोगों के निधन की खबर बेहद दुखद और हृदयविदारक है।
उन्होंने अपने संदेश में कहा कि संतान को खोने का दुख किसी भी माता-पिता और परिवार के लिए शब्दों से परे और असहनीय होता है। इस कठिन घड़ी में उनकी गहरी संवेदनाएं मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और शोकाकुल परिवारों के साथ हैं।
विधायक ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि यह परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।







