
शुभम जायसवाल
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। शारदीय नवरात्र के अवसर पर श्री बंशीधर नगर में पहली बार डांडिया-गरबा नृत्य महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। हिंदू सेना के तत्वावधान में नगर पंचायत क्षेत्र के अधौरा रोड स्थित सर्किट हाउस के समीप दो दिवसीय नवरास डांडिया-गरबा नृत्य महोत्सव एवं भक्ति जागरण का आयोजन होगा। कार्यक्रम को लेकर आयोजन समिति की ओर से तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। आयोजकों का कहना है कि गढ़वा जिले में पहली बार इस तरह के बड़े डांडिया-गरबा महोत्सव का आयोजन श्री बंशीधर नगर में किया जा रहा है। महोत्सव को लेकर गुरुवार को भवनाथपुर मोड़ स्थित हनुमान मंदिर परिसर में आयोजन समिति के सदस्यों ने पूजा-अर्चना के बाद कार्यक्रम के टिकट का अनावरण किया।

14 अक्टूबर को डांडिया-गरबा नाइट
आयोजकों ने बताया कि दो दिवसीय महोत्सव के पहले दिन 14 अक्टूबर को डांडिया एवं गरबा नाइट का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में कोलकाता के डीजे ग्रूट, रांची के डीजे सोनिक और भुवनेश्वर की एंकर तारा शामिल होंगी। डांडिया-गरबा नाइट में संगीत और नृत्य के साथ प्रतिभागियों के लिए विशेष मनोरंजन की व्यवस्था की गई है। वहीं, 15 अक्टूबर को प्रसिद्ध लोक गायिका करीना पांडेय एवं शोभिता पांडेय द्वारा भक्ति जागरण का रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। नवरात्र के अवसर पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में भक्ति संगीत के साथ श्रद्धालुओं के लिए विशेष आयोजन किए जाएंगे।महोत्सव के मुख्य प्रायोजकों में श्री बंशीधर ऑटो हीरो एजेंसी भवनाथपुर, अनिकेत पैलेस एंड रेस्टोरेंट, गुलाब हॉस्पिटल एंड गुलाब फार्मेसी एवं नर्सिंग कॉलेज धुरकी मोड़ के संचालक संतोष कुमार शामिल हैं।
कपल एंट्री 999 और सिंगल टिकट 699 रुपये
कार्यक्रम में शामिल होने के इच्छुक लोगों के लिए टिकट की बिक्री शुरू कर दी गई है। आयोजकों के अनुसार कपल एंट्री के लिए 999 रुपये तथा सिंगल एंट्री के लिए 699 रुपये का टिकट निर्धारित किया गया है। पहले दिन प्रतिभागियों के लिए अनिकेत पैलेस एंड रेस्टोरेंट की ओर से लजीज व्यंजनों की व्यवस्था की गई है। वहीं, दूसरे दिन कार्यक्रम में शामिल लोगों के बीच महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। टिकट हीरो एजेंसी भवनाथपुर, अनिकेत पैलेस एंड रेस्टोरेंट तथा ट्रॉमा सेंटर स्थित दीप इंटरप्राइजेज के काउंटर से प्राप्त किए जा सकते हैं। कार्यक्रम से संबंधित अधिक जानकारी के लिए मनीष कमलापुरी (7631193768) एवं दीप जायसवाल (8340552262) से संपर्क किया जा सकता है।
आयोजकों ने बताया कि इस दो दिवसीय महोत्सव की तैयारी पिछले कई महीनों से की जा रही है। श्री बंशीधर नगर में पहली बार डांडिया-गरबा नाइट के आयोजन को लेकर लोगों में उत्साह है। आयोजन समिति का कहना है कि नवरात्र के दौरान क्षेत्र के लोगों को धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक मनोरंजन का भी अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है।
ये रहे मौजूद
टिकट अनावरण के मौके पर विहिप जिलाध्यक्ष राजेश प्रताप देव, डॉ. धर्मचंद लाल अग्रवाल, हिंदू सेना के केंद्रीय अध्यक्ष विनीत कुमार शरद, नवरास महोत्सव के अध्यक्ष शैलेश कुमार अग्रवाल, सचिव दयानंद विश्वकर्मा, उपाध्यक्ष प्रकाश आनंद मिश्रा, कोषाध्यक्ष दीप प्रकाश जायसवाल, मनीष कमलापुरी, अनिकेत विश्वकर्मा, बॉबी जायसवाल, विकास जायसवाल, गुड्डू प्रसाद, मिक्की जायसवाल, प्रियांशु कुमार, प्राची जायसवाल सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।





