
जालंधर/फगवाड़ा। राजपुरा स्थित चितकारा यूनिवर्सिटी में छात्रों के विरोध प्रदर्शन के अगले ही दिन लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में भी देर रात हालात तनावपूर्ण हो गए। एक छात्रा से जुड़े कथित दुष्कर्म की अफवाह सोशल मीडिया पर तेजी से फैलने के बाद छात्रों में नाराजगी बढ़ गई। देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया और यूनिवर्सिटी परिसर में तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं।
बताया जा रहा है कि रविवार तड़के करीब 2 बजे गर्ल्स हॉस्टल के आसपास छात्रों का विरोध प्रदर्शन शुरू हुआ। बड़ी संख्या में छात्र मौके पर जमा हो गए। इसी दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने यूनिवर्सिटी की संपत्ति को नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया। खिड़कियों के शीशे तोड़े गए और ईंट-पत्थर तथा फूलों के गमले फेंके जाने की बात सामने आई है।
स्थिति उस समय और गंभीर हो गई, जब कैंपस की कुछ इमारतों के हिस्सों में आग लगाए जाने की सूचना मिली। हालात बिगड़ते देख यूनिवर्सिटी की निजी सुरक्षा व्यवस्था ने प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन बढ़ती भीड़ के सामने सुरक्षा कर्मियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
यूनिवर्सिटी गेट से नेशनल हाईवे तक पहुंचा विरोध
कैंपस के भीतर बढ़ते हंगामे के बाद प्रदर्शनकारी यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट तक पहुंच गए। इस दौरान साइनबोर्ड समेत अन्य सामान को भी नुकसान पहुंचाए जाने की बात कही जा रही है।
इसके बाद सुबह करीब 4 बजे विरोध प्रदर्शन यूनिवर्सिटी परिसर से बाहर निकलकर जालंधर-फगवाड़ा नेशनल हाईवे तक पहुंच गया। छात्रों के सड़क पर उतरने से हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ और दोनों शहरों के बीच आने-जाने वाले वाहनों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, अज्ञात लोगों पर केस
हंगामे की सूचना मिलने के बाद कपूरथला पुलिस ने यूनिवर्सिटी परिसर में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी। पुलिस का फोकस कैंपस में स्थिति को नियंत्रित करने के साथ-साथ किसी और तोड़फोड़ या आगजनी को रोकने पर रहा।
पुलिस ने छात्रों के बयान के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में यह भी सामने आया है कि तोड़फोड़ की घटनाओं में कुछ बाहरी लोगों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस सोशल मीडिया पर फैल रही सूचनाओं और घटनाक्रम से जुड़े तमाम पहलुओं की जांच कर रही है। यूनिवर्सिटी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।







