
झारखंड वार्ता संवाददाता
श्री बंशीधर नगर(गढ़वा)। चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज श्री बंशीधर नगर के सत्र 2026 -28 के नवनिर्वाचित अध्यक्ष उमेश कुमार ने कहा कि चेंबर जैसे महत्वपूर्ण संगठन का अध्यक्ष चुना जाना उनके लिए गर्व की बात है। संगठन ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे।
उन्होंने कहा कि नवनिर्वाचित कमेटी के सभी पदाधिकारी नई ऊर्जा और उत्साह के साथ चेंबर को आगे बढ़ाने का काम करेंगे। सभी व्यवसायियों को साथ लेकर चलना और उनके सुख-दुख में सहभागी बनना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि व्यवसायियों की समस्याओं को समझकर उनके समाधान के लिए संगठन के स्तर से हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
नवनिर्वाचित सचिव चंद्रप्रकाश ने कहा कि चेंबर ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका वे पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे। संगठन की गतिविधियों को मजबूती देने और व्यवसायियों के हित में काम करने के लिए वे पूरी तत्परता से कार्य करेंगे।
वहीं मानद सदस्य धीरेंद्र चौबे ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष समेत पूरी कमेटी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नई टीम में कई नए सदस्य और युवा जोश से भरे व्यवसायी शामिल हैं। सभी मिलकर व्यवसायियों के हित में बेहतर काम करेंगे। उन्होंने चेंबर को हर परिस्थिति में अपना सहयोग और समर्थन देने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम का संचालन रामजी कांस्यकार ने किया। मौके पर राजेंद्र सेठ, अमरेंद्र कुमार, रामजी कांस्यकार, उदय प्रकाश जायसवाल, सुरेंद्र प्रसाद कमलापुरी, बांके बिहारी आर्य, पूर्व चेंबर अध्यक्ष शंभूनाथ सौदागर, गोपाल जायसवाल, उमाशंकर जायसवाल,मनोज कुमार, ओम प्रकाश चौबे,संजय कांस्यकर समेत बड़ी संख्या में व्यवसाई मौजूद थे।






